Bokaro: बोकारो जिला के बेरमो अनुमंडल के कथारा कोलियरी में कोयला के नीचे दबकर तीन महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य लोग घायल हैं. घायलों को अस्पताल में भरती कराया गया है. जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. कोयला ढ़हने की यह घटना 4-5 नवंबर की रात की है. मृतकों में पुष्पा देवी, कौशल्या देवी व एक अन्य हीरालाल की पत्नी के रुप में हुई है.
बताया जाता है कि आसपास के ग्रामीण जलावन के लिए कोयला चुनने कथारा कोलियरी गए थे. रात 2.00 बजे के करीब कोयला का ढ़ेर ढ़ह गया और सात लोग दब गए. घटना की सूचना मिलने के बाद गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने कोयला हटाकर सभी को बाहर निकाला.
सात दबे लोगों को पास के अस्पताल में पहुंचाया गया. जहां तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई. चार अन्य घायलों का इलाज चल रहा है. घटना के बाद कथारा इलाके में शोक की लहर है. मृतक के परिवारों में चीख-पुकार मचा हुआ है.