Bokaro : बोकारो पुलिस ने चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित स्कूल से स्मार्ट टीवी और ज्वेलर्स दुकान से सीसीटीवी कैमरा चोरी मामले का खुलासा कर दिया है. चास एएसपी वेदांत शंकर की अगुवाई में पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
उनकी निशानदेही पर चोरी गए स्मार्ट टीवी, 14 सीसीटीवी कैमरे, जियो एयरफाइबर का एंटीना और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं. पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, भुईयाडीह गांव के नव प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी और सूरज ज्वेलर्स से सीसीटीवी कैमरा चोरी की घटना सामने आई थी. मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एसपी के निर्देश पर चास सदर एएसपी की अध्यक्षता में छापेमारी दल का गठन किया.
टीम ने बोकारो के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर दो लोगों को पकड़ा. सीसीटीवी कैमरा चोरी के आरोपी पुपुनकी निवासी अरमान अंसारी की निशानदेही पर पुलिस ने 14 सीसीटीवी कैमरे, जियो एयरफाइबर का एंटीना, प्लास, हथौड़ी और कटर बरामद किए.
वहीं गिरफ्तार दूसरे आरोपी सिवनडीह निवासी जमील अंसारी ने स्कूल से स्मार्ट टीवी चोरी करने मामले में अपना संलिप्तता स्वीकार की. साथ ही बताया कि इस चोरी में उसके साथ आरबी खान भी शामिल था. पुलिस ने जमील अंसारी की निशानदेही पर चोरी गए स्मार्ट टीवी पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के मोहनडीह से बरामद किया.

