Search

 
 
 

Breaking : धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता, गैंगस्टर प्रिंस खान के 9 गुर्गे गिरफ्तार

आरोपियों के पास से 5 देसी हथियार,27 जिंदा कारतूस,4 मोटरसाइकिल,6 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.
 

Dhanbad : धनबाद जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के 9 सक्रिय सदस्यों को पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया है. ये सभी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. इनकी गिरफ्तारी से 2024 में हुए चर्चित शाहबुद्दीन हत्याकांड की गुत्थी भी सुलझ गई है. यह जानकारी SSP प्रभात कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी धनबाद में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए आए हुए हैं. सूचना के सत्यापन के बाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.

ये गिरफ्तारियां महुदा, बैंक मोड़, बरवाअड्डा व अन्य थाना क्षेत्रों से की गईं. गिरफ्तार अपराधियों के पास से 5 देसी हथियार, 27 जिंदा कारतूस, 4 बाइक व 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार किए गए अपराधियों में से दो पश्चिमी सिंहभूम, एक पूर्वी सिंहभूम, तीन सरायकेला और बाकी धनबाद जिले के रहने वाले हैं. SSP ने यह भी बताया कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी से न केवल जिले में अपराध नियंत्रण को बल मिलेगा, बल्कि प्रिंस खान गिरोह की कमर भी टूटेगी. गिरोह के कई अन्य सदस्य अब भी पुलिस के रडार पर हैं. उनकी तलाश की जा रही है.

गिरफ्तार अपराधियों को एसएसपी के निर्देश पर सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद रणधीर वर्मा चौक से होते हुए पैदल जेल भेजा गया. इसका उद्देश्य अपराधियों के मनोबल को तोड़ना और समाज में कानून का भय पैदा करना था. इनमें से दो अपराधी शारीरिक रूप से असमर्थ थे, जिन्हें व्हीलचेयर की मदद से जेल ले जाया गया.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही