Search

 
 
 

Breaking : NRHM घोटाला मामले में धनबाद के प्रमोद सिंह को ईडी ने किया गिरफ्तार

 
तीन दिन रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी एजेंसी Ranchi :  नेशनल रुरल हेल्थ मिशन (NRHM) घोटाले के आरोपी प्रमोद सिंह को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है. प्रमोद कुमार सिंह धनबाद के रहने वाले हैं. एनआरएचएम में हुए जिस घोटाला मामले में ईडी ने प्रमोद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है, वह 9 करोड़ से अधिक रुपये का है. जानकारी के मुताबिक, एजेंसी की ओर से प्रमोद को 12 समन दिया जा चुका था. लेकिन वह एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत नहीं हुआ. जिसके बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

तीन दिन रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी एजेंसी

प्रमोद कुमार को गिरफ्तार करने के  बाद ED की टीम ने उन्हें रांची PMLA (प्रीवेन्शन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) की विशेष कोर्ट में पेश किया. जहां ED ने कोर्ट से प्रमोद को सात दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ की इजाजत मांगी. लेकिन कोर्ट ने सिर्फ तीन दिनों की रिमांड की मंज़ूरी दी.

ई़डी ने 1.63 करोड़ की संपत्ति को अस्थायी रूप से किया था जब्त 

ईडी ने धनबाद के कोयला कारोबारी प्रमोद सिंह की 1.63 करोड़ रूपये की संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त किया था. ईडी ने दो सितंबर 2024 को जानकारी देते हुए बताया था कि प्रमोद कुमार सिंह और उनके परिवार से संबंधित 1.63 करोड़ रुपये (लगभग) की अचल संपत्ति को जब्त किया गया है. ईडी ने यह भी बताया कि एसीबी धनबाद द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर प्रमोद कुमार सिंह और अन्य के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति व राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) फंड के दुरुपयोग के लिए जांच शुरू की गयी. प्रमोद कुमार सिंह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक अकाउंट मैनेजर के पद पर संविदा के आधार पर कार्यरत थे. ईडी की जांच में पता चला है कि प्रमोद कुमार सिंह और स्वर्गीय शशि भूषण प्रसाद, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जिन्हें एनआरएचएम फंड निकालने और खर्च करने के लिए संयुक्त रूप से अधिकृत किया गया था. इन सभी ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया और जिला स्वास्थ्य सोसाइटी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, झरिया सह जोड़ापोखर को आवंटित 9.39 करोड़ रुपये की सरकारी राशि का गबन किया. घोटाला सामने आने के बाद प्रमोद सिंह को बर्खास्त कर दिया था, तो वह कोयले के कारोबार से जुड़ गया था.

प्रमोद सिंह ने अपने सहयोगियों के नाम पर चल और अचल संपत्ति की थी अर्जित

प्रमोद कुमार सिंह ने अवैध रूप से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), झरिया सह जोड़ापोखर, धनबाद के दो बैंक खातों और पीएचसी प्रबंधन सोसाइटी, जोड़ापोखर के एक बैंक खाते से अपने बैंक खातों या अपने परिवार सहयोगियों के बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर किये थे. ईडी की जांच में यह भी पता चला है कि प्रमोद कुमार सिंह ने घोटाले से कमायी राशि से अपनी पत्नी प्रिया सिंह और अपने सहयोगियों के नाम पर चल और अचल संपत्ति अर्जित की.

छापेमारी के दौरान तीन महंगी गाड़ियां और कैश हुए थे बरामद

इस मामले को लेकर ईडी ने बीते 13 अगस्त 2024 को प्रमोद सिंह के धनबाद के सरायढेला स्थित ठिकाने पर छापेमारी की थी. जहां से तीन महंगी गाड़ियां और 2.17 लाख रुपये की नकदी बरामद हुआ, जिसे ईडी ने जब्त कर ली थी. इसके अलावा बैंक खाते में जमा चार लाख रुपये की राशि भी जब्त कर ली गयी थी. जेंसी ने प्रमोद सिंह के ड्राइवर अजीत सिंह के भूली स्थित आवास की भी तलाशी ली थी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही