Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

BREAKING : देवघर के हरि ओम लक्ष्मी ज्वेलर्स के ठिकानों पर आयकर का छापा, प्रेम प्रकाश केस से जुड़ी है कड़ी

Deoghar/Ranchi : एक ओर राजधानी रांची में ईडी की टीम कई जगहों पर छापेमारी कर रही है. तो दूसरी ओर देवघर में भी आयकर की टीम की दबिश ज़ारी है. देवघर के नगर थाना अंतर्गत कोर्ट रोड स्थित हरि ओम लक्ष्मी नारायण ज्वेलर्स में 24 अगस्त की सुबह से ही आयकर विभाग की टीम छापेमारी कर रही है. यह ज्वैलरी स्टोर भागलपुर के निवर्तमान डिप्टी मेयर सह लोजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा की है. पटना से आई इनकम टैक्स की टीम सुबह से ही एक-एक कोने को खंगालने में जुटी है. हालांकि आईटी की इस रेड की जानकारी नहीं दी जा रही है. बताया जा रहा है कि आय से अधिक और अवैध सोना खपाने के मामले को लेकर आयकर की टीम ये कार्रवाई कर रही है. सूत्रों के अनुसार भागलपुर के लोजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा के भागलपुर के खरमन चक स्थित आवास और आभूषण दुकान समेत कई जगहों पर एक साथ सुबह से ही इनकम टैक्स की टीम छापेमारी चल रही है. भागलपुर और देवघर के साथ-साथ पूर्णिया में इनके ठिकानों पर आईटी की छापेमारी चल रही है. राजेश वर्मा के पिता हरिओम वर्मा ने बताया कि सुबह 8  बजे से इनकम टैक्स की छापेमारी उनके आवास और दुकानों पर चल रही है.

            हाईप्रोफ़ाइल पीपी से जुड़ी हो सकती है कड़ी

देवघर में आईटी की छापेमारी को हाईप्रोफ़ाइल पीपी यानी प्रेम प्रकाश से जोड़कर भी देखा जा रहा है. जानकारी के मुताबिक कुछ राजनीतिक दलों और नेताओं को अवैध तरीके से लाखों-करोड़ों रुपये की मदद और संदिग्ध तरीके से लेनदेन का शक जताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को लेनदेन से संबंधित महत्वपूर्ण इनपुट्स मिले थे, जिसके बाद कई टीमों का गठन कर ये कार्रवाई की गई. इस सर्च ऑपरेशन के दौरान विभाग को क्या-क्या सबूत, दस्तावेज समेत अन्य सामग्री मिली है. इसकी औपचारिक तौर पर पुष्टि अब तक नहीं हुई है.

मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध खनन से जुड़े मामले में जारी है छापेमारी

यहां बता दें कि मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध खनन से जुड़े केस में ईडी की कार्रवाई लगातार जारी है. बुधवार सुबह रांची में प्रेम प्रकाश उर्फ पीपी के ऑफिस सहित रांची के 12 ठिकानों और झारखंड के कुल 17 जगहों पर ईडी ने एक साथ छापेमारी की. सभी जगहों पर अभी छापेमारी चल रही है. इसी दौरान प्रेम प्रकाश के हरमू स्थित ठिकाने से दो एके-47 राइफल बरामद किया है. छापेमारी के दौरान ईडी को प्रेम प्रकाश के ठिकाने से दो एके-47 मिला है. मौके पर ईडी ने एनआईए को जांच के लिए बुलाया है. गौरतलब है कि ईडी बुधवार को रांची के अरगोड़ा चौक के पास स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट के आठवें तल्ले पर पहुंची. यहां प्रेम प्रकाश के दफ्तर में छापेमारी की गयी. इसके अलावा ओल्ड एजी कॉलोनी स्थित हॉली एंजल स्कूल भी ईडी की रडार पर है. छापेमारी के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सीआरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है. इसके अलावा ईडी प्रेम के अशोक नगर स्थित बंद पड़े ऑफिस में छापेमारी कर रही है. वहीं दूसरी ओर ईडी हॉली एंजल स्कूल भी पहुंची है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध खनन से जुड़े लोगों के यहां छापेमारी की जा रही है. माना जा रहा है मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर यह छापेमारी की जा रही है.  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही