Search

Breaking : नीतीश कुमार ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा, आज शाम चार बजे शपथ ग्रहण

Patna : बिहार में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया. सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार ने जेडीयू विधायक दल की बैठक में इस्तीफा देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि अब साथ रहना मुश्किल है और इस्तीफे का वक्त है. बैठक के बाद नीतीश सीधे राजभवन पहुंचे और राज्यपाल राजेंद्र अरलेकर को अपना इस्तीफा सौंपा.

इधर कुछ ठीक नहीं था इसलिए दिया इस्तीफा- नीतीश कुमार 

इस्तीफा सौंपने के बाद राजभवन से बाहर निकलने के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि आज मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. कहा कि राज्यपाल को जो सरकार थी उसको भी समाप्त करने का प्रस्ताव दे दिया है. कहा कि सभी लोगों की राय, अपनी पार्टी की राय और सब ओर से राय आ रही थी. हमने अपने लोगों की राय को सुन लिया और सरकार को समाप्त कर दिया है. पहले गठबंधन को छोड़कर नया गठबंधन बनाये थे. इधर आकर स्थिति ठीक नहीं लगी, इसीलिए हम लोगों ने आज इस्तीफा दे दिया, अलग हो गये. हम लोग इतनी मेहनत करते थे और सारा क्रेडिट दूसरे लोग ले रहे थे. अब नये गठबंधन में जा रहे हैं. पहले जो पार्टियां एक थीं (जदयू और बीजेपी), आज फैसला करेंगी तो आगे बतायेंगे.

सीएम आवास में थोड़ी देर में एनडीए की बैठक

इस्तीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार राजभवन से निकलकर सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हैं. थोड़ी देर में यहां एनडीए विधायक दल की बैठक फिर होगी. इस बैठक में नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना जायेगा.

आज देर शाम नीतीश कुमार लेंगे सीएम पद की शपथ  

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार शाम चार बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आज पटना आ रहे हैं. स्पेशल फ्लाइट से आज दोपहर 3 बजे वो पटना पहुंचेंगे. नीतीश कुमार जेपी नड्डा की मौजूदगी में शपथ लेंगे. 

नीतीश 9वीं बार बनेंगे बिहार के सीएम

सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार भाजपा के साथ गठबंधन में नई सरकार बनायेंगे. वह 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. नीतीश के इस्तीफा सौंपने से पहले सीएम आवास पर जेडीयू विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सभी विधायकों को एनडीए में वापसी के बारे में सूचित किया गया. नीतीश कुमार नौंवी बार सीएम पद की शपथ लेंगे.
  • पहली बार – 3 मार्च 2000
  • दूसरी बार – 24 नवंबर 2005
  • तीसरी बार – 26 नवंबर 2010
  • चौथी बार – 22 फरवरी 2015
  • पांचवी बार 20 नवंबर 2015
  • छठी बार – 27 जुलाई 2017
  • सातवीं बार – 16 नवंबर 2020
  • आठवीं बार – 9 अगस्त 2022

बिहार में भाजपा जंगलराज नहीं आने देगी

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार को सीएम पद से इस्तीफा देने के लिए धन्यवाद दिया. कहा कि नीतीश कुमार को मैं धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया. उनकी जो भी मजबूरी रही, लेकिन बिहार पेशोपेश में था. डेढ़ साल में बिहार में जंगलराज 2 की स्थिति आ गयी थी. अगर तेजस्वी यादव की ताजपोशी हो जाती तो बड़ी कठिनाई होती... भाजपा जंगलराज नहीं आने देगी. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp