Search

बजट सत्र 2023  : राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण में आत्मनिर्भर भारत, जनधन, GST, भ्रष्टाचार, सर्जिकल स्ट्राइक, आर्टिकल 370, आतंकवाद पर चर्चा

NewDelhi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र में संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया. बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संसद में पहला अभिभाषण है. इस मौके पर उन्होंने कहा कि अमृतकाल का यह 25 वर्ष का कालखंड, स्वतन्त्रता की स्वर्णिम शताब्दी का, और विकसित भारत के निर्माण का कालखंड है. ये 25 वर्ष हम सबके लिए और देश के प्रत्येक नागरिक के लिए कर्तव्यों की पराकाष्ठा करके दिखाने के हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर आतंकवाद पर कठोर प्रहार तक, एलओसी से लेकर एलएसी तक हर दुस्साहस के कड़े जबाव तक, आर्टिकल 370 हटाने से लेकर तीन तलाक तक, मेरी सरकार की पहचान निर्णायक सरकार की रही है. राष्ट्रपति ने नये संसद भवन, केदारनाथ धाम, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक के निर्माण के साथ साथ अयोध्या धाम के निर्माण का भी उल्लेख किया. कहा कि  उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण सहित अयोध्या धाम का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है.

वन नेशन वन राशन कार्ड तक, एक बहुत बड़ा स्थाई सुधार हमने किया है

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, जनधन-आधार-मोबाइल से फर्जी लाभार्थियों को हटाने से लेकर वन नेशन वन राशन कार्ड तक, एक बहुत बड़ा स्थाई सुधार हमने किया है. बीते वर्षों में डीबीटी के रूप में, डिजिटल इंडिया के रूप में, एक स्थाई और पारदर्शी व्यवस्था देश ने तैयार की है. आयुष्मान भारत योजना ने देश के करोड़ों गरीबों को और गरीब होने से बचाया है, उनके 80 हजार करोड़ रुपए खर्च होने से बचाए हैं. राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, पहले टैक्स रिफंड के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था. आज ITR भरने के कुछ ही दिनों के भीतर रिफंड मिल जाता है.

भ्रष्टाचार लोकतंत्र का और सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा दुश्मन

आज GST से पारदर्शिता के साथ-साथ करदाताओं की गरिमा भी सुनिश्चित हो रही है. राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, मेरी सरकार का स्पष्ट मत है कि भ्रष्टाचार लोकतंत्र का और सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा दुश्मन है. इसलिए बीते वर्षों से भ्रष्टाचार के विरुद्ध निरंतर लड़ाई चल रही है. हमने सुनिश्चित किया है कि व्यवस्था में ईमानदार का सम्मान होगा. भ्रष्टाचार मुक्त इको सिस्टम बनाने, बेनामी संपत्ति अधिनियम को नोटिफाई किया गया है.

आज भारत दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम- द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, मैं आज इस सत्र के माध्यम से, देशवासियों का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने लगातार दो बार, एक स्थिर सरकार को चुना है. मेरी सरकार ने देशहित को सदैव सर्वोपरि रखा, नीति-रणनीति में संपूर्ण परिवर्तन की इच्छाशक्ति दिखाई. जो भारत कभी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूसरों पर निर्भर था, वही आज दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम बना है. जिन सुविधाओं के लिए देश की एक बड़ी आबादी ने दशकों तक इंतजार किया, वे इन वर्षों में उसे मिली है.

नौ वर्षों में भारत के लोगों ने  सकारात्मक परिवर्तन पहली बार देखे

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, सरकार के लगभग नौ वर्षों में भारत के लोगों ने अनेक सकारात्मक परिवर्तन पहली बार देखे हैं. सबसे बड़ा परिवर्तन यह हुआ है कि आज हर भारतीय का आत्मविश्वास शीर्ष पर है और दुनिया का भारत को देखने का नजरिया बदला है. हमारे लिए युग निर्माण का अवसर है. हमें ऐसा भारत बनाना है जो आत्मनिर्भर है और जो अपने मानवीय दायित्व को पूरा करने में समर्थ हो, जिसमें गरीबी न हो, जिसका मध्यम वर्ग भी वैभव से युक्त हो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि 2047 तक हमें ऐसे देश का निर्माण करना है, जो अतीत के गौरव से जुड़ा हो और जिसमें आधुनिकता के सभी स्वर्णिम अध्याय हों. हमें एक ऐसे भारत का निर्माण करना है जो `आत्मनिर्भर` हो और अपने मानवीय कर्तव्यों को पूरा करने में सक्षम हो. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp