Lagatar Desk : राजस्थान के कोटा में भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. इस हादसे में अब तक 8 यात्रियों की मौत हो गई है. जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
#WATCH कोटा, राजस्थान: DM पीयूष सामरिया ने बताया, "अब तक 8 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया है। सभी गंभीर मरीजों को ICU में शिफ्ट कर दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है..." https://t.co/2uSu9veVma
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 17, 2026
जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी बस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जा रही थी. तभी कराड़िया के पास तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए पास में बनी गहरी खाई में जा गिरी. खाई में बस गिरने के कारण कई यात्री उसके अंदर ही फंस गए. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सीधा कराया. इसके बाद बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 8 लोगों को डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
वहीं बाकी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. गंभीर रूप से घायल मरीजों को ICU में शिफ्ट किया गया है.