Ranchi News: दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने आंदोलन करने का ऐलान किया है. मोर्चा ने 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया है. इससे पहले 10 और 17 नवंबर को मशाल जुलूस तथा 11 नवंबर को आदिवासी महिलाओं की ओर से कैंडल मार्च निकाला जाएगा.
सीबीआई जांच की मांग पर चरणबद्ध आंदोलन
भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने कहा कि निशा भगत का मामला आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा है. मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा. 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस होगा.
जवाबदेही तय करने की मांग
पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है. मामले में लीपापोती और पक्षपात की आशंका खत्म करने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है. वहीं, भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की.
सन्नी ने बताया कि सात नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन और पुतला दहन कर सीबीआई जांच की मांग की गई थी. नेताओं ने 18 नवंबर के बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने की अपील की. प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.