Search

 
 
 

बिसलेरी में कैंसर पैदा करने वाले तत्व मिले, FSSAI ने मुकदमा चलाने की मंजूरी दी, अन्य 6 कंपनियों पर भी गिरी गाज

Lagatar Desk : बाजार में मिलने वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर को लोग अक्सर सुरक्षित मानकर खरीदते हैं. खासकर बिसलेरी जैसे बड़े ब्रांड पर उपभोक्ताओं का भरोसा रहता है. लेकिन अब बिसलेरी के पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. जांच में कंपनी के पानी का एक सैंपल खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा. इसके अलावा चार अन्य खाद्य कंपनियों पर भी कार्रवाई की गई है.
 
बिसलेरी

Lagatar Desk :  देश की सबसे बड़ी पानी की कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कानूनी पचड़े में फंस गई है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. इसका कारण कंपनी का पानी का सैंपल दो बार टेस्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा. 

 

इसके अलावा चार अन्य खाद्य कंपनियों वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ कार्रवाई की गई है. वहीं खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरने पर उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए. 

 

Uploaded Image

ब्रोमेट और PAH की मात्रा तय मानकों से अधिक पाई गई

FSSAI के मुताबिक, बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल की दो बार टेस्ट हुई. लेकिन दोनों बार बिसलेरी का पानी पीने लायक नहीं पाया गया. पहली जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली. कंपनी ने इस जांच रिपोर्ट पर आपत्ति जताई तो सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया. 

 

दूसरी बार पानी में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाई गई. इसके बाद रेफरल लैब ने भी सैंपल को असुरक्षित घोषित कर दिया. जांच रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. 

 

 

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के मानकों के अनुसार, पीने के पानी में ब्रोमेट की सुरक्षित सीमा 0.01 मिलीग्राम प्रति लीटर (10 माइक्रोग्राम/लीटर) निर्धारित की गई है. पानी में इस तय सीमा से अधिक ब्रोमेट होने पर किडनी को नुकसान पहुंचता है. साथ ही पाचन संबंधी गंभीर समस्याएं होती हैं. ब्रोमेट को संभावित कैंसरकारी पदार्थ भी माना जाता है यानी लंबे समय तक अगर आप अधिक ब्रोमेट का सेवन करते हैं तो कैंसर का खतरा बढ़ सकता है. 

इन चार कंपनियों पर भी गिरी गाज

FSSAI ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने के मामले में चार अन्य कंपनियों के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की अनुमति दी है. इनमें वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी शामिल हैं.

 

- वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड : कंपनी के मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल नाम के कीटनाशक का अवशेष तय सीमा से अधिक पाया गया.

- टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड : कंपनी के मिर्च पाउडर में कीटनाशक अवशेष और हल्दी पाउडर में टिन की मात्रा निर्धारित सीमा से ज्यादा मिली.

- मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड : कंपनी के अखरोट की गिरी के नमूने गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे। जांच में इन्हें घटिया और असुरक्षित पाया गया.

- आशा कन्फेक्शनरी : कंपनी की चॉकलेट से भरी कुकीज में चीनी की मात्रा को लेकर दी गई जानकारी सही नहीं पाई गई। जांच में उत्पाद घटिया और असुरक्षित भी घोषित किया गया. 

 

दो कंपनियों के लाइसेंस सस्पेंड

FSSAI ने खराब साफ-सफाई और दोबारा पैकिंग से जुड़ी गड़बड़ियों के कारण उर्मि लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं.  बता दें कि FSSAI खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच कर रहा है.इस साल खाद्य कारोबार से जुड़ी कंपनियों के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी बढ़ाई गई है. एनर्जी ड्रिंक और अल्कोहलिक बेवरेज बनाने वाली कंपनियां भी नियामक की जांच के दायरे में हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही