Search

 
 
 

निशा भगत आत्महत्या की जांच सीबीआई करेगी, सीएम हेमंत ने दिए आदेश

आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले की जांच सीबीआई करेगी. इस संदर्भ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट  कर इसकी जानकारी दी है. दरअसल मामले में भाजपा सहित कई दल सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। साथी वे आंदोलन कर निशा भगत मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे.
 

Ranchi: आदिवासी नेता और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या मामले की जांच सीबीआई करेगी. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह निर्णय लिया है. बुधवार की रात एक्स पर मुख्यमंत्री ने इस बाबत जानकारी दी है. 

 

Uploaded Image

 

निशा भगत ने पिछले हफ्ते शुक्रवार को रांची के पिठौरिया थाना अंतगर्त डहूटोली स्थित आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. इससे पहले उन्होंने फेसबुक पर लाइव पोस्ट किया था. वह वीडियो वायरल भी हुआ. 

 

इस मामले में निशा भगत के पिता हंदु भगत के आवेदन पर पिठौरिया थाना में मामला दर्ज किया गया है. इसमें उन्होंने पिठौरिया के थाना प्रभारी, अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा एवं कुछ अन्य लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था.

 

हंदु भगत के आवेदन के आधार पर अजय तिर्की तथा ज्योत्सना केरकेट्टा को केस में आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा प्राथमिकी में एक अज्ञात को शामिल किया गया है. इसी मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने संज्ञान लेकर झारखंड के पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं और कृत कार्रवाई देने को कहा है. 

 

इस बीच रांची के एसएसपी ने इस मामले में पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर किया है, मामले की जांच एसआईटी कर रही थी. दरअसल, इस मामले में थाना प्रभारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है.

 

डीएसपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी कर रही जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया. डीएसपी (मुख्यालय-1) अमर कुमार पांडेय एसआईटी का नेतृत्व कर रहे हैं. निशा भगत की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ घटनाक्रम में संबंधित लोगों की भूमिका की भी छानबीन की जा रही है.

 

फेसबुक पर लाइव आकर की थी आत्महत्या

 
गौरतलब है कि शुक्रवार को निशा भगत ने रांची में पिठौरिया थाना अंतगर्त डहू टोली स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. फांसी लगाने से पहले वह करीब 11 मिनट तक फेसबुक पर लाईव थीं. इसमें वे सिस्टम के साथ ही कई लोगों पर अलग-अलग आरोप लगाती सुनाई पड़ रही थीं. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.
 
शुक्रवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उनके शव का रिस्म में पोस्टमार्टम किया गया. शनिवार को उनका अंतिम संस्कार गुमला जिले के पैतृक गांव उरू बारीडीह में किया गया. उनकी मौत को लेकर कई आदिवासी संगठन और भाजपा समेत अन्य विपक्षी दल लगातार सवाल खड़े करते हुए सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. साथ ही इस मामले में पिठौरिया पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाये जा रहे हैं. भाजपा ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन का रुख अख्तियार कर लिया है. मंगलवार को भाजपा ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर मशाल जुलूस भी निकाला है. 

पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज 

निशा भगत की मौत के मामले में उनके पिता हंदू भगत ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

 
हंदू भगत ने अपने आवेदन में बेटी निशा भगत की मौत को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि निशा भगत को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित तौर पर चरित्र हनन किया गया और झूठे आरोप लगाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया.

 

आवेदन में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के अलावा जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों और अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच करने की मांग की गई है. पिता ने आरोप लगाया है कि घर से बाहर आने-जाने के दौरान भी उनकी बेटी को परेशान किया जाता था. लगातार मिल रही कथित प्रताड़ना के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थीं.

NCW ने भी लिया है स्वतः संज्ञान

इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने निशा भगत के आत्महत्या के मामले में स्वंतः संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष  विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत एवं समयबद्ध जांच के साथ निशा के फेसबुक लाइव, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण को सुनिश्चित करने को कहा है. इस बीच राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी इस मामले में झारखंड के अधिकारियों से कृत कार्रवाई के बारे में जानकारी मांगी है. 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही