Search

 
 
 

चाईबासा : सारंडा में नक्सलियों का IED ब्लास्ट, CRPF के तीन जवान घायल

 
Ranchi/Chaibasa :  सुरक्षाबलों द्वारा चलाये जा रहे सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया है. यह घटना बुधवार को जिले के जराइकेला थाना क्षेत्र के बलीबा में हुई है. इस विस्फोट में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए हैं. इनमें से दो जवान को मामूली, जबकि एक जवान को ज्यादा चोट लगी है. घायल जवानों को एयरलिफ्ट करने के लिए रांची से हेलीकॉप्टर चाईबासा भेज दिया गया है.

सर्च अभियान के दौरान हुआ ब्लास्ट

​​​​​जानकारी के मुताबिक, सीआरपीएफ का 197 बटालियन सर्च अभियान चला रहा था. इस दौरान नक्सलियों द्वारा लगाये गये IED में विस्फोट हो गया. इसमें सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गये. घायल जवानों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया जा रहा है. जहां विस्फोट हुआ है, वह क्षेत्र नक्सल प्रभावित माना जाता है. मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनात की गयी है.

नक्सलियों के खिलाफ लगातार जारी है अभियान

नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है. जिसको लेकर सुरक्षाबलों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान सोमवार को नक्सली संगठन के शीर्ष नेता अजय महतो और उनके दस्ता सदस्यों के सारंडा क्षेत्र में भ्रमणशील होने की सूचना मिली. जिसको लेकर गुवा थाना के आसपास के पहाड़ी और जंगली इलाकों में सर्च अभियान शुरू किया गया है.

सुरक्षाबलों ने चाईबासा में नक्सलियों की साजिश को किया था नाकाम 

चाईबासा में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम किया था. एसपी आशुतोष शेखर के निर्देश पर चलाये जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने मंगलवार को एक पुराने नक्सल डंप को ध्वस्त किया था. यह कार्रवाई जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के हुसिपी जंगल में हुई थी. जहां नक्सल डंप से एक देसी पिस्टल, दो कार्बाइन, एक रायफल, दस किलो का आईईडी, 58 डेटोनेटर समेत अन्य सामान बरामद किये गये थे. सुरक्षाबलों को टारगेट करने के उद्देश्य से नक्सलियों ने पूर्व में यह विस्फोटक और हथियार छिपाकर रखा था.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही