Amit Kumar
Nowamundi: पश्चिमी सिंहभूम जिला के गुवा थाना क्षेत्र के लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम ने अपने दो बेटों की जान बचाने के दौरान अपनी जान गंवा दी. यह हृदयविदारक घटना शुक्रवार को गुवा के ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में हुई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई. बताया जाता है कि शुक्रवार को दामु हेंब्रम अपने दोनों बेटों के साथ कारो नदी में नहाने गए थे.

नहाने के दौरान दोनों बच्चे अचानक नदी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे. बेटों को संकट में देख दामु हेंब्रम बिना देर किए नदी में कूद पड़े. उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल दिया, लेकिन इस दौरान स्वयं गहरे पानी में चले गए और डूब गए.
इसे भी पढ़ें:
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें नदी से बाहर निकालकर गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. मामले की जांच भी की जा रही है. दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे. उनके मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

