Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में मंगलवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं अन्य समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखी. उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें:
जनता दरबार के दौरान प्राप्त कई आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया. वहीं, जिन मामलों में विभागीय जांच अथवा आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करना अपेक्षित था, उन्हें संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के पास भेज दिया. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर समस्याओं का समाधान किया जाए.
जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन विवाद, रोजगार, भूमि अधिग्रहण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित मामले सामने आए. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आमजनों से जुड़ी शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं तत्परता बरती जाए. साथ ही, किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब नहीं किया जाए.
उपायुक्त ने जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा कि जनता दरबार जिला प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है. इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं, जिससे उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

