Amit Kumar
Nowamundi : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत सिंदरीगौरी गांव में सिंचाई के लिए बनाए गए कुएं में गिरने से हाथी के एक बच्चे की मौत हो गई. घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है. गुरुवार की सुबह घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से हाथी के बच्चे को कुएं से बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन शुरू किया.
लेकिन भारी बारिश होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी हो रही है. 2 बजकर 42 मिनट पर खबर लिखे जाने तक हाथी के बच्चे का शव बाहर नहीं निकाला जा सका था. (इसे भी पढ़ें...Chaibasa News : नोवामुंडी के लेपांग गांव पहुंचा 45 हाथियों का झुंड, 10 नन्हे बच्चे भी शामिल)
रात के अंधेरे में कुएं में गिरने की आशंका
जिस खेत में यह घटना हुई, वह स्थानीय निवासी रघुनाथ चतंबा का बताया जा रहा है. आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में हाथी का बच्चा कुएं में गिर गया. कुएं से बाहर निकलने में असमर्थ रहने के कारण उसकी मौत हो गई. हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है.
40 से 45 हाथियों का झुंड क्षेत्र में कर रहा विचरण
स्थानीय लोगों के अनुसार, नोवामुंडी इलाके में पिछले कुछ दिनों से हाथियों का एक बड़ा झुंड विचरण कर रहा है. इस झुंड में करीब 40 से 45 हाथी हैं. मृत हाथी का बच्चा भी इसी झुंड का सदस्य बताया जा रहा है. कुएं में गिरकर हाथियों के बच्चे की मौत की घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.