Nitish Thakur
Goilkera: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड के पहाड़डीहा गांव में अज्ञात बीमारी से दो बच्चियों की मौत का मामला सामने आने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट में आ गया है. लगातार दो दिनों के भीतर हुई इन मौतों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. प्रारंभिक तौर पर दोनों बच्चियों में मलेरिया जैसे लक्षण पाए जाने की बात सामने आ रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि की जाएगी.

मनोहरपुर स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने पहुंचे मरीज
एहतियातन गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर मेडिकल टीम को तैनात किया गया है. जानकारी के मुताबिक, पहाड़डीहा निवासी सुदीन मुर्मू की 7 वर्षीय पुत्री दीपिका मुर्मू की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, गांव के अर्नन्स किस्कू की 12 वर्षीय पुत्री लता किस्कू ने सोमवार रात अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थीं.
इसे भी पढ़ें:
https://lagatar.in/dc-vs-dmo-in-deoghar-administrative-circles-heated-by-clash-matter-escalates-to-point-removal
https://lagatar.in/former-jpsc-chairman-l-khiangte-released-after-cid-questioning-to-be-summoned-again-tomorrow
एक ही गांव में लगातार दो मासूम बच्चियों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है. वहीं मंगलवार को कुछ ग्रामीणों ने बताया कि बीमारी से पीड़ित लोग झाड़फूंक व प्रार्थना कर बीमारी ठीक करने के प्रयास में जुटे हुए हैं. जिससे दो बच्चों की मौत हो गई है.
स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची गांव
मनोहरपुर एवं गोईलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की संयुक्त स्वास्थ्य टीम मंगलवार को पहाड़डीहा पहुंची. टीम ने गांव में विशेष हेल्थ कैंप लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी है. मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों के ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं तथा संदिग्ध मरीजों को तत्काल दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं.
गंभीर रूप से बीमार लोगों को बेहतर इलाज के लिए मनोहरपुर और गोईलकेरा अस्पताल भेजने की तैयारी की गई है. स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य शिविर में जांच कराने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment