- नई नियोजन नीति को लेकर प्रशासनिक स्तर पर अभी भी चल रहा मंथन
- हाईकोर्ट ने बीते 16 दिसंबर को रद्द कर दी थी हेमंत सरकार की नियोजन नीति
Nitesh Ojha
Ranchi: हेमंत सोरेन सरकार का कार्यकाल पूरा होने में महज 22 माह ही शेष है. इन 22 माह में सरकार के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के रद्द 22 नियुक्ति विज्ञापनों को पूरा करना है. इन 22 नियुक्ति विज्ञापनों पर बीते 16 दिसंबर को पेंच तब लगा था, जब झारखंड हाईकोर्ड ने नियोजन नीति को रद्द कर दिया था. अपने 37 माह के शासनकाल में झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन ने वैसे तो कई चुनावी वादों को पूरा किया, लेकिन हकीकत यही है कि सरकारी नौकरी का वादा पूरी तरह से फेल रहा. हालांकि हेमंत सोरेन सरकार ने नई नियोजन नीति बनाकर नियुक्तियों में तेजी लाने की कोशिश की, लेकिन यह कोशिश हाईकोर्ट के दिए एक अहम फैसले के बाद खत्म हो गयी.
राज्य गठन के बाद जेएसएससी द्वारा कई स्तर की परीक्षा ली गई. अधिकांश में विवाद भी सामने आए. विवादों में सबसे प्रमुख तय समय सीमा में परीक्षा लेना शामिल रहा है. दरअसल, कई परीक्षाओं के प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) में भारी गड़बड़ियों का आरोप लगाकर अभ्यर्थी हाईकोर्ट गए. इससे मुख्य परीक्षा में काफी देरी हुई. 2016 में आयोजित जेएसएससी संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा की स्थिति किसी से छिपी नहीं है. पीटी होने के बाद यह परीक्षा रद्द हो गई थी. उसके बाद से तो यह परीक्षा आज तक हो ही नहीं पायी. इसे देखते हुए हेमंत सरकार ने 5 अगस्त 2021 के कैबिनेट बैठक में फैसला लिया कि अब जेएसएससी की सभी परीक्षा केवल एक चरण में ही ली जाएगी. उसके बाद से हाईकोर्ट के 16 दिसंबर 2022 के फैसले तक आयोग द्वारा करीब 23 नियुक्ति विज्ञापन जारी किए गए. फोरेंसिक लैब में वैज्ञानिकों की नियुक्तियों को छोड़ दें, तो अधिकांश में आज तक केवल फॉर्म ही भराए गए हैं. कुछ परीक्षाएं ही हो सकी हैं. हाईकोर्ट के फैसले के बाद सभी नियुक्ति प्रक्रिया रदद हो गयी. अब सरकार के कार्यकाल के करीब 22 माह बचे हैं. ऐसे में 22 नियुक्ति विज्ञापनों को इस अवधि में पूरा करना कोई आसान नहीं दिखता.
हिंदी जोड़ने पर भी मंथन, अंतिम फैसला मुख्यमंत्री लेंगे
बीते दिनों नई नियोजन नीति बनाने को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के सचिवों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में पूर्व की नीति में शामिल दो बाध्यताओं को हटाने पर विचार हुआ.
पहला – झारखंड में स्थित मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई बाध्यता को हटायी जाए.
दूसरा – अभ्यर्थियों को स्थानीय रीति-रिवाज, भाषा और परिवेश का ज्ञान होने की शर्त भी हटेगी.
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उपरोक्त प्रावधानों को हटाने को लेकर केवल मौखिक विचार हुआ. नई नियोजन नीति क्या होगी, इसे लेकर अभी भी प्रशासनिक स्तर पर मंथन चल रहा है. प्रमुख मंथन क्षेत्रीय भाषा में हिंदी विषय को जोड़ने को लेकर हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के फैसले के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा. बता दें कि क्षेत्रीय भाषा में हिंदी विषय नहीं जोड़े जाने से नाराज कई अभ्यर्थियों ने नियोजन नीति को अंसवैधानिक बताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी.
जेएसएससी के रद्द हुए यह हैं 22 विज्ञापन
- 1. झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा- 2021
- 2. स्नातककोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (रेगलुर)
- 3. स्नातककोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (बैकलॉग)
- 4. झारखंड नगरपालिका सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा – 2022
- 5. झारखंड तकनीकि-विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा
- 6. झारखंड तकनीकि-विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (बैकलॉग)
- 7. झारखंड सचिवालय आशुलिपिक प्रतियोगिता परीक्षा – 2022
- 8. झारखंड मैट्रिक स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा – 2022
—
- 9. झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा – 2021 (रेगलुर)
- 10. झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा – 2021 (बैकलॉग)
दोनों ही परीक्षा 23 अक्टूबर से 7 नवंबर तक ली गयी हैं. परीक्षाफल जारी नहीं हुआ
—
- 11. झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (रेगलुर)
- 12. झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (बैकलॉग)
- 13. झारखंड इंटरमीडिएट (कम्प्यूटर ज्ञान एंव कम्प्यूटर में हिंदी टंकन अहर्ता धारक) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (रेगलुर)
- 14. झारखंड इंटरमीडिएट (कम्प्यूटर ज्ञान एंव कम्प्यूटर में हिंदी टंकन अहर्ता धारक) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (बैकलॉग)
- 15. झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा – 2022
- 16. झारखंड औद्योगिक प्रशिक्षण पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (रेगलुर)
- 17. झारखंड औद्योगिक प्रशिक्षण पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (बैकलॉग)
- 18. झारखंड प्रयोगशाला सहायक प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (7 दिसंबर से 11 दिसंबर तक परीक्षा ले लिया गया है)
- 19. रिम्स, रांची अंतर्गत परिचारिका श्रेणी ए के पद पर नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (रेगलुर)
- 20. रिम्स, रांची अंतर्गत परिचारिका श्रेणी ए के पद पर नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (बैकलॉग)
16 जुलाई को परीक्षा हुई थी परीक्षा
- 21. रिम्स, रांची अंतर्गत तृतीय श्रेणी के पदों पर नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (रेगलुर)
- 22.रिम्स, रांची अंतर्गत तृतीय श्रेणी के पदों पर नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा – 2022 (बैकलॉग)