Search

चंडिल: ईचागढ़ में 20 हजार सीएफटी अवैध बालू व एक हाईवा जब्त

Dilip Kumar Chandil (Saraekela): जिला खनन विभाग और तिरुलडीह थाना पुलिस ने सोमवार की सुबह बालू माफिया के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया. जिला के उपायुक्त के निर्देशा पर की गई कार्रवाई में टीम ने 20 हजार सीएफटी अवैध बालू और एक हाइवा को जब्त किया. जानकारी के मुताबिक टीम ने ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बीरडीह में छापामारी की. छापामारी अभियान में जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक, ईचागढ़ थाना प्रभारी, तिरुलडीह थाना प्रभारी, खनन विभाग के कर्मी और पुलिस बल शामिल थे. उल्लेखनीय है कि गत 19 दिसंबर को भी जिला खनन विभाग और ईचागढ़ थाना की गश्ती दल द्वारा अवैध बालू खनन, भंडारण, और परिवहन के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया गया था. उस दौरान, टीम ने सोडो-जारागोडीह में 1 लाख 16 हजार सीएफटी अवैध बालू का भंडारण बरामद किया था. जिला खनन पदाधिकारी ज्योतिशंकर सतपथी ने बताया कि बालू के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन कठोर कार्रवाई कर रही है. किसी भी कीमत पर जिले में बालू का अवैध खनन और परिवहन नहीं होने दिया जाएगा. बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा. खनन पदाधिकारी ने बताया कि जब्त की गई बालू पर कार्रवाई करते हुए इसे भंडारण करने वाले और जमीन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा. विभाग की टीम हर दिन जिला क्षेत्र में बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी. जब्त की गई बालू की नीलामी के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp