Search

 
 
 

Chandil News : सरकारी वन भूमि पर बनी अवैध चारदीवारी JCB से किया गया ध्वस्त

वन विभाग ने वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बनाई गई चारदीवारी को जेसीबी मशीन से ढहा दिया.
 

Chandil : वन विभाग ने वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बनाई गई चारदीवारी को जेसीबी मशीन से ढहा दिया. यह कार्रवाई चांडिल रेंज के पुडिसिली मौजा में की गई, जहां कुछ लोगों द्वारा वन विभाग की जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा था.

 

जानकारी के अनुसार, वन भूमि के प्लॉट संख्या 385 और 399 पर अवैध रूप से चारदीवारी खड़ी कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी. स्थानीय लोगों की शिकायत मिलने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच की. जांच में पाया गया कि संबंधित भूमि वन विभाग की है और उस पर अवैध निर्माण किया गया है.

 

कार्रवाई से पहले वन विभाग ने निर्माण स्थल पर नोटिस चस्पा कर संबंधित लोगों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया था. लेकिन तय समय के भीतर कोई भी व्यक्ति विभाग के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ. इसके बाद विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए जेसीबी मशीन से पूरी चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया और वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया.

 

वनपाल प्रभारी राधारमण ने कहा कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि कुछ लोग वन भूमि पर कब्जा कर उसे बेचने की तैयारी में थे, लेकिन विभाग ने समय रहते कार्रवाई कर उनकी योजना को विफल कर दिया. उन्होंने यह भी कहा कि वन भूमि की सुरक्षा के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा और अतिक्रमण की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

 

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है. वहीं स्थानीय लोगों ने विभाग के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे सरकारी संपत्ति और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही