Ranchi : चिटफंड कंपनी MAXIZONE के निदेशक चंद्रभूषण सिंह ने फरारी की अवधि में क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर अपने रिश्तेदारों को ठगा. क्रिप्टो करेंसी के नाम पर ठगी की शिकार उसकी चचेरी सास श्रीमती निरू का नाम भी शामिल है. चंद्रभूषण और उसकी पत्नी प्रियंका सिंह द्वारा की गयी ठगी की जाच के दौरान इस मामलें की जानकारी मिली है.
प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जारी जांच के दौरान पाया गया कि पति-पत्नी ने पहले 15 प्रतिशत रिटर्न का लालच देकर झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित कुछ अन्य राज्यों के लोगों को ठगा और फरार हो गया. फरारी की अवधि में उसने क्रिप्टो करेंसी (USTD) में निवेश के नाम पर लोगों को ठगा. इसके लिए उसने मासिक 20 प्रतिशत का मुनाफा देने का झांसा दिया. इसके लिए उसने अपनी कंपनी में निवेश करवाया. साथ ही 20 प्रतिशत की दर से मुनाफे की राशि की गणना कर क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने वालों को पोस्ट डेटेड चेक दिया.
ईडी ने जांच के दौरान विजय कुमार के पास से चंद्रभूषण का मोबाईल जब्त किया था. चंद्रभूषण ने पकड़े जाने के बावजूद कुछ तथ्यों को छिपाये रखने के उद्देश्य से अपना एक फोन अपने भाई विजय कुमार को दिया था. चंद्रभूषण के इस फोन में Bitget App पाया गया. Bitget एक अंतर्राष्ट्रीय क्रिप्टो करेंसी प्लेटफार्म है. चंद्रभूषण ने क्रिप्टो करेंसी में USTD में निवेश कराया था. इसके मूल्य एक यूएस डॉलर के बरार होता है. चंद्रभूषण के भाई के पास से 14757.31 USTD जब्त किया गया था.
जांच के दौरान ईडी को एक एकरारनामा मिला था. इसमें श्रीमती नीरू द्वार् MAXIZONE TOUCH PVT Ltd में 9000 USTD के निवेश का उल्लेख था. चंद्रभूषण ने नीरू को 20 प्रतिशत प्रति माह (1800 USTD) मुनाफे के हिसाब से 15 महीने की गणना कर एक पोस्ट डेटेड चेक दिया था. चंद्रभूषण की ओर से दिया गया चेक 15 महीने के बाद भुनाना था. जांच के दौरान मिले एकरारनामा के अधार पर हुई पूछताछ के दौरान इस बात की जानकारी मिली कि नीरू, चंद्रभूषण की चचेरी सास है. चंद्रभूषण ने अपनी चचेरी सास को भी ठगी का शिकार बनाया. पूछताछ के दौरान नीरू ने चंद्रभूषण की कंपनी में 8.28 लाख रुपये निवेश करने की बात स्वीकार की.
ईडी द्वारा जारी जांच के दौरान धनवंती नामक महिला से भी क्रिप्टो करेंसी में प्रति माह 20 प्रतिशत का मुनाफा देकर निवेश कराने का मामला पकड़ में आया. चंद्रभूषण ने धनवंती से भी 9000 USTD निवेश कराया था. साथ ही प्रति माह बतौर मुनाफा 1800 USTD के हिसाब से 15 महीने के लिए पोस्ट डेटेड चेक दिया था. चंद्र भूषण द्वारा दिये गये चेक को बैक ऑफ बड़ौदा से भुनाना था. ईडी ने धनवंती से भी पूछताछ की. उन्होंने भी 9000 USTD के निवेश करने और 20 प्रतिशत प्रति माह मुनाफा का झासा दिये जाने की बात स्वीकार की.

Leave a Comment