- अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
Chatra : जिले के टंडवा में संचालित एनटीपीसी प्लांट में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया. प्लांट के निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के कार्य के दौरान हुए हादसे में तीन मजदूर की मौत हो गई है. जबकि अन्य कई मजदूर घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए संजीवनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. हालांकि एनटीपीसी प्रबंधन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
स्ट्रक्चर डिजाइन खामी के कारण हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा प्लांट के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुआ है. यहां एनटीपीसी की ओर से निर्माण कार्य का ठेका थायसन कंपनी को दिया गया है, जिसे पेटी ठेकेदार सिंपलेक्स कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था. इसी दौरान प्लांट में यह हादसा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, स्ट्रक्चर डिजाइन में कथित तकनीकी खामी के कारण यह हादसा हुआ है.
श्रमिकों का दावा-तीन मजदूरों की गई जान
टंडवा पुलिस ने एक मजदूर की मौत और तीन अन्य के घायल होने की बात कही है. हालांकि प्लांट में काम करने वालों का कहना है कि हादसे में तीन मजदूरों की जान गई है. वहीं एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से भी फिलहाल हादसे और मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
साथी श्रमिकों का प्लांट परिसर में हंगामा
इधर घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है. साथी मजदूर की मौत से आक्रोशित अन्य श्रमिकों ने कार्यस्थल पर हंगामा शुरू कर दिया है. घटना की सूचना मिलते ही टंडवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है और आक्रोशित मजदूरों को समझा-बुझाकर शांत कराने में जुटी है. फिलहाल मृतक मजदूर का शव घटनास्थल पर ही पड़ा है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.