Search

 
 
 

Chatra : लैंडमाइंस विस्फोट में शहीद वीर सपूतों को किया गया याद, डीसी-एसपी ने दी श्रद्धांजलि

Chatra  : श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, एसडीपीओ सन्नी वर्धन व मेजर सुबोध गुप्ता समेत जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने शहीद एसडीपीओ विनय भारती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी.
 
श्रद्धांजलि सभा
  • डीसी-एसपी ने कहा-14 जवानों की शहादत नहीं जाएगी बेकार
  • लैंडमाइंस विस्फोट में एसडीपीओ विनय भारती समेत पुलिस-सीआरपीएफ के 14 अधिकारी-जवान हुए थे शहीद

Chatra  : जिले में बीते साल 8 अक्टूबर को उग्रवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान हुए लैंडमाइंस विस्फोट में शहीद एसडीपीओ विनय भारती समेत पुलिस और सीआरपीएफ के 14 अधिकारी व जवानों के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया.

 

शहादत दिवस के अवसर पर शहर स्थित शहीद विनय भारती पार्क में जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने शहीदों को नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, एसडीपीओ सन्नी वर्धन व मेजर सुबोध गुप्ता समेत जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे.

 

अधिकारियों ने शहीद एसडीपीओ विनय भारती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी. 

 

डीएमएफटी से संवरेगा शहीद विनय भारती पार्क : डीसी

मौके पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि शहीदों की स्मृति और उनके बलिदान को सम्मान देने के लिए शहीद विनय भारती पार्क का डीएमएफटी मद से सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियां आने वाली पीढ़ियों को देश और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेंगी.

 

चतरा से नक्सलवाद का सफाया, बचे एक-दो नक्सलियों का भी होगा अंत : एसपी

वहीं पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा कि चतरा जिले से नक्सलवाद का लगभग सफाया हो चुका है. जिले में अब गिने-चुने एक-दो नक्सली ही बचे हैं, उनका भी जल्द सफाया कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि लैंडमाइंस विस्फोट में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा. पुलिस उनके बलिदान को हमेशा याद रखते हुए जिले को पूरी तरह उग्रवाद मुक्त बनाने की दिशा में लगातार अभियान चलाती रहेगी.

 

अदम्य साहस और बलिदान को मिलेगी प्रेरणा : एसडीपीओ

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके अदम्य साहस और बलिदान से पुलिस बल को हमेशा प्रेरणा मिलती रहेगी. उन्होंने कहा कि शहीदों ने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देकर सभी के दिलों में देशभक्ति का अलग जज्बा जागृत किया है. राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के प्रति शहीदों के संकल्पों और प्रतिबद्धता को अपनाने की जरूरत है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही