Search

 
 
 

चतरा : पोस्टमार्टम के नाम पर वसूली पर डीसी सख्त, एसडीओ सदर के नेतृत्व में चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित

चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोज्या गांव में तालाब में डूबने से मां और दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत के बाद एक और संवेदनहीन मामला सामने आया है. मृतकों के परिजनों से पोस्टमार्टम के बदले पांच हजार रुपये की अवैध वसूली हुई है.
 
  • दोषियों की होगी बर्खास्तगी व संलिप्त कर्मियों पर दर्ज होगी प्राथमिकी
  • 24 घंटे में रिपोर्ट तलब, सिविल सर्जन की जांच में पोस्टमार्टम के बदले उगाही की हुई पुष्टि

 Chatra : चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोज्या गांव में तालाब में डूबने से मां और दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत के बाद एक और संवेदनहीन मामला सामने आया है. मृतकों के परिजनों से पोस्टमार्टम के बदले पांच हजार रुपये की अवैध वसूली हुई है.

 

सदर अस्पताल के स्विपर ने ढाई हजार नकद और ढाई हजार रुपये ऑनलाइन वसूले हैं. मामले में पीड़ित परिजनों से अवैध वसूली किये जाने के आरोपों पर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. परिजनों की शिकायत पर डीसी रवि आनंद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दे दिये हैं.

 

सिविल सर्जन सत्येंद्र सिन्हा ने प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि भी कर दी है. डीसी ने बताया कि सदर अस्पताल के एक स्विपर द्वारा परिजनों से अवैध राशि की वसूली की गई है. इस घृणित संगीन मामले के संज्ञान में आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है.

 

एसडीओ सदर जहूर आलम के नेतृत्व में चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें सिविल सर्जन, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक और अस्पताल प्रबंधक को भी शामिल किया गया है. डीसी ने कमेटी को 24 घंटे के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.

 

रिपोर्ट के आधार पर आरोपी स्विपर को बर्खास्त करने के साथ-साथ इस मामले में शामिल अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की भी पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी.

 

डीसी रवि आनंद ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि शव के पोस्टमार्टम के बदले पीड़ित परिवार से अवैध राशि की वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

 

इस घृणित कार्य में शामिल सभी लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए बर्खास्तगी और प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन ऐसे अमानवीय कृत्य को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करेगा.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय  साझा करें  


 
 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही