Chatra : चतरा में बाइपास सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव को 19 जुलाई को माओवादी संगठन की ओर से धमकी दिए जाने के दो दिन बाद मंगलवार को एसपी आवास के कुछ दूर बड़ी घटना हो गई. रॉकी यादव के दो निजी बॉडीगार्ड आपस में ही भिड़ गए और दोनों के बीच गोलीबारी हो गई. इस घटना में एक बॉडीगार्ड की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
मृतक बॉडीगार्ड की पहचान बिहार के बक्सर निवासी अतुल कुमार के रूप में हुई है. वहीं, गिरफ्तार बॉडीगार्ड बलवीर सिंह भी बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है. दोनों रॉकी यादव के निजी बॉडीगार्ड के रूप में कार्यरत थे. घटना के बाद पुलिस ने ठेकेदार रॉकी यादव समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. घटनास्थल से एक फोर्ड एंडेवर कार और कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं.
गौरतलब है कि 19 जुलाई को भाकपा माओवादी के मध्य जोनल कमेटी की ओर से रॉकी यादव को धमकी भरा पत्र जारी किया गया था. पत्र में चतरा में बाइपास सड़क निर्माण कार्य के एवज में लेवी देने की मांग की गई थी.
माओवादियों ने बातचीत कर लेवी की राशि तय करने और भुगतान करने की चेतावनी दी थी. साथ ही, बातचीत होने तक निर्माण कार्य बंद रखने को कहा गया था. ऐसा नहीं करने पर कड़ी सैन्य कार्रवाई की धमकी दी गई थी. अब धमकी के महज दो दिन बाद रॉकी यादव के दोनों बॉडीगार्डों के बीच हुई गोलीबारी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment