- हथियार व बाइक बरामद
- दहशत फैलाने के उदेश्य से कि थी फायरिंग, 24 घंटों में खुलासा..!
Chatra : जोरी थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यवसायी से हुई मोबाइल और सोने की चेन लूट मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है. वशिष्ठनगर जोरी पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.
साथ ही इनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है. पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कांन्फ्रेंस कर बताया कि विगत 07 अगस्त की रात जोरी स्थित सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा से अज्ञात अपराधियों ने कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ के पास लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था.
इतना ही नहीं अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की थी. उन्होंने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था.
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटों के भीतर घटना में संलिप्त तीन अपराधकर्मियों को दबोच लिया गया है. डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि घटना के बाद गठित टीम ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कई ठिकानों पर छापेमारी की.
इसी क्रम में पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों अपराधियों को धर दबोचा. डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अमित कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार और अपाची मोटरसाइकिल भी बरामद किया है.
इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल से भागने के क्रम में अपराधियों द्वारा छोड़ी गई चप्पल भी बरामद की है, जिसमें से एक जोड़ी चप्पल अमित कुमार की पाई गई है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधकर्मी अमित कुमार हंटरगंज थाना क्षेत्र के परासिया गांव का रहने वाला है.
वहीं बीटू कुमार वशिष्टनगर जोरी थाना क्षेत्र के छोटकी जोरी व रोहित कुमार वशिष्ठनगर थाना के ही करैलीबार गांव का निवासी है. टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी मुख्यालय के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध चतरा के हंटरगंज थाना सहित बिहार के शेरघाटी और बहेरा ओपी क्षेत्र में भी दर्जनों मामले दर्ज है.
गिरफ्तार अपराधकर्मियों के पास से 01 देशी कट्टा, जिन्दा कारतूस एक, टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल व चप्पल बरामद किया गया है. डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य फरार अपराधकर्मियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी को लेकर नियमित छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय के अलावे हंटरगंज इंस्पेक्टर विपिन कुमार, थाना प्रभारी जोरी अमित कुमार सिंह, एसआई शिवा यादव, एएसआई विजय कुमार समेत जोरी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

