Chatra News : जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के कान्हाकला टोला (तिनगोड़वा) में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला. मृतक की पहचान चरका भुइयां के 20 वर्षीय पुत्र राकेश भुइयां के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में मातम पसर गया है.
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने राकेश भुइयां का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित पेड़ से लटका देखा. इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
इस संबंध में थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. हत्या या आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.