Search

 
 
 

Chatra News: 10 लाख रुपये का प्रतिबंधित डोडा बरामद, पुलिस ने तस्करों के मंसूबों पर फेरा पानी

चतरा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 80 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा बरामद किया है. बरामद डोडा की अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है.
 

Chatra: चतरा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 80 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा बरामद किया है. बरामद डोडा की अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. 


उन्होंने बताया कि सूचना थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के हरदीपुर गांव स्थित जोरदाग टोला में भारी मात्रा में डोडा संग्रहित कर पंजाब भेजने की तैयारी की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. 


पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरदीपुर के जोरदाग टोला में छापेमारी की. जहां तस्कर चंदन यादव के घर के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखा गया लगभग 80 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया. हालांकि पुलिस की भनक लगते ही पंजाब से खरीदारी के लिए पहुंचे तस्कर, उसका सहयोगी तथा वाहन का चालक मौके से फरार होने में सफल रहे. 


पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि मामले में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है. साथ ही पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके.


पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चतरा पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. नशे का कारोबार करने वाले लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि तस्कर स्वयं इस अवैध धंधे से दूरी बना लें, अन्यथा पुलिस उन्हें चिन्हित कर कानून के शिकंजे में लाएगी. जिले में सक्रिय हर तस्कर पुलिस की निगरानी में है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही