Search

 
 
 

चार दिनों से लापता तिलक यादव की सकुशल बरामदगी को लेकर परिजनों ने चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ किया जाम

Chatra News  : तिलक की जल्द बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ को न्यू कोर्ट मोड़-विकास भवन चौक के समीप जाम कर दिया है. आंदोलन में टेंपो चालक संघ के सदस्य भी शामिल हुए. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
 
चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ किया जाम
  • टेंपो लावारिस हालत में बरामद
  • परिजनों ने चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ किया जाम
  • तिलक की सकुशल बरामदगी की मांग
  • टेंपो चालक संघ ने आंदोलन को दिया समर्थन
  • हर संभावित पहलू की पुलिस कर रही जांच : एसडीपीओ

Chatra News  : शहर के नगवां मोहल्ला निवासी टेम्पो चालक तिलक यादव पिछले चार दिनों से लापता हैं. वह विगत 13 सितंबर को टेंपो लेकर राजपुर जाने की बात कहकर घर से निकले थे. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है. परिजन और मोहल्ले के लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं.

 

तिलक के अचानक लापता होने से पत्नी और छोटे बच्चों के अलावे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हालांकि परिजनों की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है.

 

पुलिस ने शहर से सटे धमनिया इलाके से तिलक का टेंपो लावारिस हालत में बरामद किया है. टेंपो मिलने के बाद पुलिस टेक्निकल टीम की मदद से तिलक की तलाश में जुटी है और उनके मोबाइल समेत अन्य संभावित सुरागों की पड़ताल की जा रही है.

 

इधर, तिलक की जल्द बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ को न्यू कोर्ट मोड़-विकास भवन चौक के समीप जाम कर दिया है. आंदोलन में टेंपो चालक संघ के सदस्य भी शामिल हुए. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

 

टेंपो चालक संघ के अध्यक्ष राजू दबगर ने कहा कि तिलक को लापता हुए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है. इससे परिजनों के साथ-साथ संघ को भी अनहोनी की चिंता सता रही है. उन्होंने एसपी और एसडीपीओ से मामले में त्वरित संज्ञान लेकर तलाश अभियान और तेज करने की मांग की.

 

वहीं जाम की सूचना पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन और एएसआई दुखीराम महतो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं. एसडीपीओ ने कहा कि तिलक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टेक्निकल टीम के सहयोग से हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही है.

 

विशेष टीम झारखंड-बिहार के अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है. उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि जल्द ही तिलक को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा. साथ ही उन्होंने परिजनों और आम लोगों से पुलिस को सहयोग करने की अपील की है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही