- टंडवा-पिपरवार बॉर्डर पर तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग में मुठभेड़
- घायल अपराधी विकास कुमार हजारीबाग रेफर.
Chatra News : चतरा जिले के कोयलांचल ईलाके में आतंक का पर्याय बन चुके गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में मंगलवार सुबह तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है. जस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राहुल दुबे गैंग के अपराधी विकास कुमार के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस नें उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार करने के बाद घायल अपराधी विकास कुमार को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिये भर्ती कराया था जहाँ गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है. एसपी अनिमेष नैथानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ में टंडवा और पिपरवार थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल थी.
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कोयलांचल क्षेत्र में एक निजी कार्य एजेंसी के कार्यालय में हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना के बाद पुलिस लगातार राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी. टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य सीमावर्ती इलाके में छिपे हुए हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अभियान शुरू किया.एसपी नें बताया कि खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला. इसी दौरान हुई मुठभेड़ में अपराधी विकास कुमार के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए.
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व राहुल दुबे गिरोह के बाईक सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में घुसकर करीब 20 राउंड फायरिंग की थी. घटना में ड्यूटी पर तैनात एसआईएस प्राइवेट सेक्युरिटी एजेंसी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था. इस दौरान अपराधियों ने मौके पर हस्तलिखित पर्चा छोड़कर वारदात की जिम्मेदारी भी ली थी.
इसी घटना के बाद से पुलिस गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चला रही थी. अब इस मुठभेड़ को चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है. घटना के बाद स्थिति का जायजा लेने पुलिस कप्तान जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी के साथ दलबल के साथ मौके पर पहुंच रहे हैं. एसपी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में निरंतर सर्च अभियान चलाया जा रहा है. ताकि मौके से भागे गिरोह के अन्य अपराधियों को दबोचा जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.