Search

 
 
 

चतरा :  बड़गांव मॉब लिंचिंग मामले में एसपी की कार्रवाई, दो दारोगा समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा इमरोज और उसके पिता सुल्तान मियां को भीड़ से बचाने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए जाने के आरोप में दो दारोगा और दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
 
  • 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा
  • नाबालिग लड़की के अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट की थी.

Chatra : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर युवक मो इमरोज की हत्या किये जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने प्रशासनिक कार्रवाई की है. घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा इमरोज और उसके पिता सुल्तान मियां को भीड़ से बचाने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए जाने के आरोप में दो दारोगा और दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. 

 

एसपी के गोपनीय कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार टंडवा थाना के एसआई सुनील सिंह, महिला एसआई दुलारी पूर्ति तथा आरक्षी दशरथ महतो और प्रदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि में चारों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, चतरा निर्धारित किया गया है तथा इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का भी आदेश दिया गया है.

 

एसपी नें बताया कि पिछले दिनों टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में नाबालिग लड़की के अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोप को लेकर उग्र ग्रामीणों ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट की थी. घटना की सूचना मिलने पर टंडवा थाना मे तैनात दो दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया था.

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अवलोकन से यह स्पष्ट हुआ कि इमरोज और उसके पिता को भीड़ से बचाने के लिए मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारी व जवानों के द्वारा अपेक्षित एवं सार्थक प्रयास नहीं किया गया. मारपीट की इस घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए थे. जिन्हे उपचार के लिये अस्पताल भेजा गया था. 

 

गंभीर रूप से घायल मो इमरोज को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. एसपी ने बताया कि इमरोज के मौत के बाद मौके पर तैनात पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठनें लगे थे. इससे विभाग की छवि धूमिल हुई थी.

 

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बड़वार को मामले की जांच के आदेश दिए गए थे. टंडवा एसडीपीओ के अनुशंसा पर ही लापरवाह पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है. एसपी ने बताया कि पुलिस ने मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.

 

कानून-व्यवस्था बनाए रखना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी : एसपी

इस मामले मे एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा  कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी स्तर की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कानून-व्यवस्था बनाए रखना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है. दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी, वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है.

 
 
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही