- गुमला में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय अनुष्ठान
Gumla : लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन जिलेभर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. छठव्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ.
सुबह से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. महिलाएं और पुरुष छठव्रती पारंपरिक छठ गीत गाते हुए पूजा की सामग्री लेकर घाट पहुंचे. जैसे ही सूर्य की लालिमा क्षितिज पर दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को दूध, गंगाजल और जल से अर्घ्य अर्पित किया. इसके बाद छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की मंगलकामना की गई.

शंख नदी छठ घाट पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
रायडीह के अंतरराज्यीय सीमा स्थित शंख नदी छठ घाट पर विशेष नजारा देखने को मिला. यहां झारखंड के साथ छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु पहुंचे. दोनों राज्यों के लोगों ने एक साथ शंख नदी के तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. घाट पर छठ गीतों और श्रद्धालुओं की आस्था से माहौल भक्तिमय बना रहा. रायडीह पुलिस की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही.
गुमला शहर सहित सिसई, चैनपुर, घाघरा, बसिया, पालकोट, भरनो, डुमरी, बिशुनपुर, कामडारा, जारी और अन्य प्रखंडों के छठ घाटों पर भी सुबह श्रद्धालुओं की भीड़ रही. प्रशासन और स्थानीय पूजा समितियों की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी.

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि की कामना की
चार दिनों तक चले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से हुई थी. इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य देने के साथ छठ पूजा संपन्न हुई. अर्घ्य के बाद छठव्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर पारण किया. घाटों पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ की शुभकामनाएं दीं. सूर्योपासना और आस्था के इस महापर्व ने पूरे जिले को भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द के रंग में रंग दिया.