Search

 
 
 

झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने पलामू सिविल कोर्ट का किया निरीक्षण

हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने सिविल कोर्ट परिसर स्थित विभिन्न न्यायालय कक्षों का जायजा लिया. वहां साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव व न्यायिक कार्य प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया.
 

Medininagar : झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक शनिवार की दोपहर पलामू जिला मुख्यलय मेदिनीनगर पहुंचे. उन्होंने जिला सिविल कोर्ट का निरीक्षण किया. उनके साथ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश भी थे. सिविल कोर्ट परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीराम शर्मा, डीसी समीरा एस व एसपी रीष्मा रमेशन ने चीफ जस्टिस का जोरदार स्वागत किया. पुलिस बल के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया.

 

इसके बाद चीफ जस्टिस सोनक ने सिविल कोर्ट परिसर स्थित विभिन्न न्यायालय कक्षों का जायजा लिया. वहां साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव व न्यायिक कार्य प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार कक्ष, न्यायिक पदाधिकारियों के कोर्ट व चैंबर का भी निरीक्षण किया. न्यायालय परिसर की स्वच्छता एवं कमल पुष्प वाटिका को देखकर वे काफी प्रभावित नजर आए.


उन्होंने कहा कि पलामू आकर उन्हें काफी अच्छा लगा. दौरे के क्रम में चीफ जस्टिस सोनक, उनकी पत्नी, डीसी व एसपी ने परिसर स्थित पुष्प वाटिका में पौधरोपण भी किया. चीफ जस्टिस के आगमन को लेकर न्यायालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.

 

उल्लेखनीय है कि लगभग डेढ़ दशक बाद झारखंड हाईकोर्ट मुख्य न्यायाधीश का पलामू आगमन हुआ है. इस अवसर पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजीव कुमार दास, डीजे अखिलेश कुमार, राज कुमार मिश्र, स्वेता ढींगरा, आयशा खान, प्रतीक चतुर्वेदी, आभाष कुमार, सीजेएम मनोरंजन कुमार, एसीजेएम सुशीला सोरेंग, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) रविशंकर पांडेय, एसके गौतम, सोनम विश्नोई, डालसा सचिव राकेश रंजन, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव समेत कई अधिवक्ता एवं न्यायालयकर्मी मौजूद रहे.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही