Search

 
 
 

मुख्यमंत्री ने 'अबुआ बजट' पोर्टल और मोबाइल ऐप का किया लोकार्पण

 
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को अपने आवासीय कार्यालय में वर्ष 2025-26 के बजट निर्माण के लिए आम जनता के सुझाव, राय और विचार आमंत्रित करने के उद्देश्य से `अबुआ बजट` पोर्टल और मोबाइल ऐप का लोकार्पण किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह `अबुआ सरकार` है और हमारी सरकार का विशेष फोकस संतुलित बजट पर है, जो राज्य के सतत, समावेशी और सर्वांगीण विकास के साथ लोगों के कल्याण एवं हितों के लिए होगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर आम जनता के सुझाव, राय और विचार हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण हैं, ताकि हमें उनके द्वारा दिए गए बेहतर सुझावों को आगामी बजट में शामिल करने का अवसर मिले. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बजट ऐसा होना चाहिए जिसमें सभी सेक्टर का संतुलित विकास हो सके. विशेष रूप से ग्रामीण पृष्ठभूमि वाली अर्थव्यवस्था का ध्यान रखने की आवश्यकता है. राजस्व संग्रह की दिशा में ठोस कदम उठाने वाले प्रावधानों को भी बजट में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जा सके. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि `अबुआ बजट` पोर्टल और मोबाइल ऐप का उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर विशेषज्ञों और आम लोगों से सुझाव प्राप्त करना है, ताकि सरकार एक बेहतर और संतुलित बजट पेश कर सके. इस दिशा में जो भी सुझाव और विचार प्राप्त होंगे, उनका विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा, ताकि राज्य के विकास और जनता के कल्याण के अनुकूल सुझावों को बजट में शामिल किया जा सके. तीन सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वाले व्यक्तियों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा. सुझाव देने की अंतिम तिथि 17 जनवरी 2025 है. इस अवसर पर वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, वित्त विभाग के विशेष सचिव अमित कुमार, बजट पदाधिकारी चंद्रभूषण प्रसाद, ओएसडी बजट सत्यनारायण प्रसाद, एनआईसी के संयुक्त निदेशक कुणाल आनंद एवं सहायक निदेशक गौरव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही