Sports News: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन बुधवार को शेनझेन में खेले जा रहे चीन मास्टर्स के पहले दौर में कनाडा के विक्टर लाई से सीधे गेम में 14-21, 7-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए. सेन पर लाई की यह तीसरी जीत थी.
कनाडाई खिलाड़ी विक्टर लाई ने थॉमस कप और जुलाई में चाइना ओपन के राउंड ऑफ 16 में भारतीय खिलाड़ी को हराया था. लाई पर सेन की एकमात्र जीत मार्च में ऑल इंग्लैंड ओपन सेमीफाइनल में मैच था, जिसमें सेन ने लाई को 21-16, 18-21, 21-15 से हराया था.
इसे भी पढ़ें:
वहीं, इस टूर्नामेंट में किदांबी श्रीकांत ने चीनी ताइपे के ची यू-जेन को हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली है. श्रीकांत ने मेंस सिंगल्स मुकाबले में ची यू जेन को 21-16, 21-15 से हराया. मिक्स्ड डबल्स में भारतीय जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिशा क्रास्टो ने थाई जोड़ी टोंकिड साएहेंग और टोनरुग साएहेंग को 21-8 और 21-9 से हराकर अगले दौर में जगह बना ली है.
दूसरी ओर इस टूर्नामेंट में बुधवार को भारत की तन्वी शर्मा ने 35 मिनट तक चले मुकाबले में डेनमार्क की अमाली शुल्ज को सीधे गेम में 21-16, 21-17 से हराकर अगले राउंड में जगह पक्की कर ली है.
तन्वी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए, पहले ब्रेक तक 11-5 की बढ़त बना ली. ब्रेक के बाद पहला गेम 21-16 से जीत लिया. दूसरे गेम में शुल्ज ने वापसी करते हुए कड़ी टक्कर में स्कोर 17-17 तक पहुंचा दिया. अंत में तन्वी ने लगातार 4 अंक जीतकर गेम 21-17 से अपने नाम कर लिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

