Search

 
 
 

चिन्मय कृष्ण दास के वकील रमन रॉय पर जानलेवा हमला, ICU में भर्ती

 
चिन्मय की जमानत याचिका पर आज सुनवाई  LagatarDesk :  पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है. जेल में बंद हिंदू धर्मगुरु व इस्कॉन के प्रमुख चेहरे चिन्मय कृष्ण दास प्रभु के वकील रमन रॉय पर जानलेवा हमला हुआ है. उनको गंभीर चोटें आयी है. रमन रॉय का आईसीयू में इलाज चल रहा है. इस्कॉन कोलकाता के प्रवक्ता राधारमण दास ने सोमवार रात `एक्स` पर एक पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि कृपया अधिवक्ता रमन रॉय के लिए प्रार्थना करें. उनका एकमात्र `कसूर` चिन्मय कृष्ण प्रभु का अदालत में बचाव करना था. इस्लामवादियों ने उनके घर में तोड़फोड़ की और उन पर बेरहमी से हमला किया, जिससे वह आईसीयू में भर्ती हैं और अपनी जान के लिए संघर्ष कर रहे हैं. बता दें कि चिन्मय कृष्ण दास की जमानत याचिका पर आज मंगलवार को सुनवाई होनी है. https://twitter.com/RadharamnDas/status/1863593503609303469

हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ निकाली थी रैली 

बता दें कि 25 अक्टूबर को चटगांव के लालदिघी मैदान में सनातन जागरण मंच ने 8 सूत्री मांगों को लेकर एक विशाल रैली की थी.  बांग्लादेश इस्कॉन के एक प्रमुख चेहरे चिन्मय कृष्ण दास ने ब्रह्मचारी रंगपुर में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ भाषण दिया था. इस दौरान कुछ लोगों ने आजादी स्तंभ पर भगवा ध्वज फहराया था, जिसपर `आमी सनातनी` लिखा हुआ था. रैली के बाद 31 अक्टूबर को वहां की बीएनपी पार्टी के नेता फिरोज खान ने चिन्मय कृष्ण दास समेत 19 लोगों के खिलाफ चटगांव में राजद्रोह का केस दर्ज कराया था. उन पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने को लेकक देशद्रोह का मुकदमा चलाया गया और ढाका से गिरफ्तार कर लिया गया. ढाका की एक अदालत ने 26 नवंबर को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिस पर मंगलवार यानी आज फिर सुनवाई होनी थी.

चिन्मय की गिरफ्तारी के खिलाफ दुनियाभर में विरोध-प्रदर्शन

बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों और चिन्मय कृष्णदास की गिरफ्तारी के खिलाफ बांग्लादेश, भारत समेत दुनियाभर के हिंदू समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. इस अत्याचार के खिलाफ लगातार रैलियां की जा रही हैं. सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पड़ोसी मुल्क में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यूएन और देश की केंद्र सरकार से इस पर कार्रवाई करने की मांग की. इसके साथ ही दुनियाभर के इस्कॉन में चिन्मय कृष्ण दास प्रभु की गिरफ्तारी के विरोध में कीर्तन का आयोजन किया गया.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही