Jamtara News: जिले में चौकीदार की सीधी भर्ती को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है. सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला चौकीदार नियुक्ति समिति की बैठक हुई, जिसमें लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को नियमानुसार आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया.
बैठक में विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत चौकीदार भर्ती परीक्षा के परिणाम एवं जारी मेधा सूची की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा का रिजल्ट और मेधा सूची जारी हो चुकी है, जबकि सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया अभी शेष है.
नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित रहने के कारण प्रक्रिया रुकी हुई थी. अब झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद उपायुक्त ने नियुक्ति प्रक्रिया को नियमानुसार पूरा करने का निर्देश दिया है.
उपायुक्त ने सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की सूचना स्थानीय समाचार पत्रों और जिले की आधिकारिक वेबसाइट Jamtara.nic.in पर प्रकाशित करने का निर्देश दिया. साथ ही मेधा सूची के आधार पर बिट निर्धारण समेत अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने को कहा.
बैठक में एसपी शम्भू कुमार सिंह, डीडीसी असीम किस्पोट्टा, आईटीडीए निदेशक जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, एसडीओ अनंत कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.