Search

 
 
 

33 करोड़ गबन के मुख्य आरोपी संजय डालमिया को CID ने किया गिरफ्तार, कोऑपरेटिव बैंक का मामला

 
Ranchi: झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक, सरायकेला शाखा में 33 करोड़ रुपये गबन के मामले में मुख्य आरोपी संजय डालमिया को सीआइडी ने गिरफ्तार किया है. सीआइडी एडीजी अनिल पालटा के निर्देश पर सीआइडी की टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए डालमिया को बंगाल के वर्द्धमान जिला के हीरापुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. गौरतलब है कि संजय डालमिया पिछले कई दिनों से इस इलाके में छिपकर रह रहा था. साथ ही कांड संख्या 119/19 में संजय डालमिया के ऊपर चार करोड़ गबन किये जाने का आरोप है. इस प्रकार से दोनों कांडों में कुल करीब 36 करोड़ रुपया संजय डालमिया के ऊपर गबन करने का आरोप है कि मंगलवार को संजय डालमिया को कोर्ट में पेश किया जायेगा. इस मामले में अब तक सीआइडी ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है.

सीआइडी ने मामले को टेकओवर कर जांच शुरू की थी

झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक में हुए करीब 33 करोड़ के गबन की जांच सीआइडी ने 6 मई को शुरू कर दी थी. यह केस सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाने में दर्ज था. केस की पूरी फाइल सरायकेला पुलिस ने सीआइडी टीम को सौंप दी थी. इस केस की मॉनिटिरिंग सीआइडी के एडीजी अनिल पालटा कर रहे हैं. जांच का जिम्मा सीआइडी के कोल्हान प्रमंडल के डीएसपी अनिमेष गुप्ता को मिला है.

यह है आरोप

जानकारी के अनुसार, साल 2017 में झारखंड स्टेट कोऑपरेटिव बैंक की सरायकेला शाखा से संजय कुमार डालमिया नाम के व्यक्ति ने अलग-अलग कंपनियों के लिए 33 करोड़ लोन लिया था. इसे जमा भी नहीं किया गया और इस दौरान इसी बैंक से और 4 करोड़ का लोन लेकर गबन किया गया. यह मामला तब उजागर हुआ, जब इसके लिए बैंक की ओर से ही जांच कमेटी गठित की गयी. रिपोर्ट के आधार पर ही 22 अगस्त 2019 को प्राथमिकी दर्ज हुई.

ये हैं आरोपी

– सुनील कुमार सत्पथी, तत्कालीन प्रभारी शाखा प्रबंधक, सरायकेला शाखा – मदन लाल प्रजापति, सहायक, सरायकेला शाखा – वीरेंद्र कुमार सेवईया, तत्कालीन प्रबंधक, लेखा (वर्तमान में सहायक महाप्रबंधक, क्षेत्रीय कार्यालय चाईबासा) – शंकर बंधोपाध्याय, तत्कालीन सनदी लेखाकार, सरायकेला शाखा – लाल मनोज नाथ शाहदेव, तत्कालीन प्रबंध निदेशक, क्षेत्रीय कार्यालय, चाईबासा – संदीप सेन, तत्कालीन सहायक महाप्रबंधक, मुख्यालय – बृजेश्वर नाथ, कार्यपालक पदाधिकारी, झारखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, रांची – संजय कुमार डालमिया
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही