Ranchi: झारखंड में सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग लड़की से कथित यौन शोषण के आरोप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद भाजपा ने हमला बोल दिया है. इन सबके बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव भूषण बाड़ा के आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात की. मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदीप यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला साजिश का प्रतीत हो रहा है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्यायालय पर पूरा भरोसा है और पार्टी जांच में पूरा सहयोग करेगी. साथ ही इस मामले के पीछे की कथित साजिश का पर्दाफाश करने की बात भी कही. वहीं, बीजेपी की ओर से भूषण बाड़ा प्रकरण पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए प्रदीप यादव ने कहा कि बीजेपी को दूसरे दलों के नेताओं पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. कांग्रेस पार्टी अपने स्तर से पूरे मामले को देख रही है. सीएलपी के साथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव अमित कुमार भी मौजूद रहे.
गौरतलब है कि लड़की ने रांची के धुर्वा थाने में विधायक के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है. पीड़िता का आरोप है कि पांच अगस्त को बाड़ा ने उसके आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया जिसके बाद वह गर्भवती हो गई. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल जांच कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराया है. दो बार सिमडेगा विधासभा का प्रतिनिधित्व कर चुके बाड़ा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें ‘‘पूरी तरह से झूठा और गुमराह करने वाला’’ बताया है. उन्होंने दावा किया है कि राजनीतिक साजिश के तहत उनकी और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिशें की जा रही है.