Search

 
 
 

CM व उनके चहेते अफसरों ने मुझे झूठे मुकदमों में फंसाने की रची है साजिश : बाबूलाल

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन पर गंभीर आरोप लगाये हैं. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि मुख्यमंत्री और उनके कुछ चहेते भ्रष्ट अधिकारियों ने मुझे डराने और झूठे मुक़दमों में फंसाने की साज़िश रची है.
 

Ranchi : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन पर गंभीर आरोप लगाये हैं. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि मुख्यमंत्री और उनके कुछ चहेते भ्रष्ट अधिकारियों ने मुझे डराने और झूठे मुक़दमों में फंसाने की साज़िश रची है.

 

 

आगे कहा कि सरकार मेरी जनहित से जुड़ी सक्रियता से डरी हुई है. मैंने शराब घोटाले, खनन माफियाओं, जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षा घोटालों और ग्रामीण योजनाओं में हो रहे भ्रष्टाचार को लगातार उजागर किया है. इन मामलों को सामने लाने के कारण अब ये लोग निजी बदले की भावना से मेरे खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं.

 

पहले भी मुझ पर हमला करवाने की बनी थी योजना : बाबूलाल ने आगे लिखा कि यह पहली बार नहीं है, जब मुझे चुप कराने की कोशिश की जा रही है. पहले भी शिकारपाड़ा क्षेत्र में मुझ पर उग्रवादियों से हमला करवाने की योजना बनी थी.

 

उस समय मिली खुफिया जानकारी के बाद केंद्र सरकार ने मेरी सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी थी. अब फिर झूठे मुकदमों और चरित्र हनन के ज़रिए मुझे डराने की कोशिश की जा रही है.

 

सीएम को दी खुली चुनौती : भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर आप सोचते हैं कि गीदड़भभकी और झूठे आरोप से मुझे डरा देंगे, तो शायद आप मुझे नहीं जानते. आगे लिखा कि मैं भले ही कम बोलता हूं, लेकिन कभी भी डरकर पीछे नहीं हटा हूं. 

 

झारखंड ही नहीं, पूरा देश जानता है कि जब उग्रवादियों के हाथों मैंने अपने जवान बेटे को खोया, तब भी मैं नहीं डिगा था. आपके सस्ते हथकंडे और चरित्र हनन के प्रयास मुझे मेरे मार्ग से नहीं हटा सकते.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही