Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रक्षाबंधन के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार कहा है. उन्होंने यह संदेश अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के प्यार और विश्वास का पर्व नहीं है, बल्कि यह परिवार और समाज को मजबूत बनाने वाली जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है.
उन्होंने कहा कि झारखंड की माताओं और बहनों का संघर्ष और योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है. परिवार संभालने के साथ उन्होंने झारखंड के निर्माण और देश के विकास में भी अपनी भूमिका निभाई है. एक महिला के पढ़ने और आगे बढ़ने से पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है.
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं को शिक्षा, आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. मंईयां सम्मान योजना, पलाश, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस रक्षाबंधन सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि बेटियां पढ़ेंगी, बहनें आगे बढ़ेंगी और माताएं सशक्त होंगी. तभी परिवार, समाज, झारखंड और देश मजबूत होगा. उन्होंने सभी लोगों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.