Search

सीएम हेमंत ने भाजपा को दी चुनौती, कहा-23 नवंबर के दिन गिन लेना अंतड़ी

Ranchi :  सीएम हेमंत सोरेन ने भाजपा को चुनौती दे डाली है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि इस झारखंडी के शरीर में बहुत हड्डियां हैं. झारखंड विरोधी भाजपा 23 नवंबर के दिन अंतड़ी गिन लेना. झारखंडी कभी किसी को परेशान नहीं करता और अगर कोई परेशान करे तो फिर उसे छोड़ता नहीं है. https://twitter.com/HemantSorenJMM/status/1856186997619957943

सभी बहनों के खातों में चली गयी मंईयां सम्मान की चौथी किस्त 

सीएम ने दूसरे पोस्ट में लिखा कि मंईयां सम्मान की चौथी किश्त कल सभी बहनों के खातों में चली गयी है. चुनाव प्रचार के दौरान मुझसे मिलकर धन्यवाद देने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आयी हुई थी. कहने लगी की हमारे संकुल को 87 लाख रुपया मिला है, और सभी महिलाओं को मंईयां सम्मान की राशि मिल रहा है. इससे महाजनों से अत्यंत महंगे कर्ज लेने से मुक्ति मिली है. झामुमो को ही जीत दिलवाना है. वे कहती भी हैं कि हमलोग चुनाव पर चर्चा करने के लिए बैठक रखना चाहते थे, प्रभात फेरी निकाल के लोगों से वोट देने की अपील करना चाहते थे. लेकिन सर बोले कि चुनाव आयोग ने जेएसएलपीएस से जुड़ी किसी भी महिला को मतदाता जागरुकता के काम में शामिल नहीं करने का निर्देश दिया है. https://twitter.com/HemantSorenJMM/status/1856180522197917748

चुनाव आयोग पर आ गयी हंसी

सीएम ने कहा कि महिलाओं की बात सुनकर मुझे चुनाव आयोग पर हंसी आ गयी. आखिर किन-किन को रोकोगे तुम? जिन-जिन के लिए हम काम किये हैं, उनको रोक दोगे, उन पर भरोसा नहीं करोगे? हमारी सरकार ने जेएसएलपीएस से जुड़ी 30 लाख बहनों को 11 हजार करोड़ का क्रेडिट लिंकेज दिया है. 53 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना से जोड़ा है. 12 हजार अभी मिल रहा है और दिसंबर से 30 हजार मिलेगा. 9 लाख बेटियों को किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ा है. 18 वर्ष से अधिक उम्र की लाखों बेटियां इस बार मुझे समर्थन देने बूथ पर पहुंचने वाली हैं.

40 लाख वृद्ध, विधवा, दिव्यांग को सर्वजन पेंशन योजना से जोड़ा

सीएम हेमंत सोरेन ने आगे लिखा कि 40 लाख वृद्ध, विधवा, दिव्यांग को सर्वजन पेंशन योजना से जोड़ा है, विधवा पेंशन की उम्र को हमने घटाया है, अब महिलाओं को वृद्धा पेंशन 50 वर्ष से ही मिल रहा है. आने वाले समय में हम पेंशन की राशि को 2500 प्रति महीना कर रहे हैं, मतलब मंईयां सम्मान की तरह इनको भी सलाना 30 हजार. महिला छात्रावास, महिला डिग्री कॉलेज सब हमने प्रारंभ किया है.

महिलाएं अपने ईरादों में की हैं पक्की

भाजपा और उसकी एजेंसियों को समझना होगा कि महिलाएं अपने इरादों की पक्की होती हैं. उनसे ज्यादा न तो कोई कष्ट सह सकता है और न ही कोई प्यार कर सकता है. जन्म देते समय का दर्द सहने वाली और बच्चे को लाड़-प्यार से बड़ा करने वाली महिलाएं हैं. इनके त्याग, इनके समर्पण, इनके प्रेम को मेरा प्रणाम. ये जिसे अपना मान लेती हैं, उसके लिए पूरा जीवन कुर्बान कर देती हैं. इस बार झारखंड की बहन, बेटी, मां, चाची, दादी अपने उस बेटे के साथ खड़ी हैं, जो इन्हें अपना मानकर इनके लिए काम किया है. जेल में तुम डाल सकते हो, नारी शक्ति को चुनाव कार्य से दूर रख सकते हो, लेकिन वोट देने से कैसे रोकोगे?

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp