Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पैतृक गांव नेमरा में आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने गंभीर बीमारी से जूझ रहे छह वर्षीय अनूप बेसरा के कान के इलाज के लिए 10 लाख रुपये का चेक सौंपा. मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत यह चिकित्सा अनुदान प्रदान किया गया.
इसे भी पढ़ें:
https://lagatar.in/sir-in-uttar-pradesh-up-ceo-admits-software-removed-85854-voter-names-without-cause
https://lagatar.in/union-home-secretary-has-offered-an-unconditional-apology-regarding-internet-shutdown
मुख्यमंत्री अपनी दिवंगत माता स्व. रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के रीति रिवाज पूरा करने के लिए नेमरा में हैं. यहां शोक संवेदना जताने वालों के साथ बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर भी पहुंच रहे हैं. गुरुवार को मुख्यमंत्री ने सभी ग्रामीणों से बारी-बारी मुलाकात की. उन्होंने लोगों के आवेदन स्वीकार किए और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए.
रामगढ़ जिले के बेराटांड़ (भरेचनगर) निवासी रामकिशुन बेसरा के छह वर्षीय पुत्र अनूप बेसरा का इलाज क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लौर में चल रहा है. चिकित्सकों ने उसके कान के आंतरिक अंग (इंटरनल इयर) को बदलने की सलाह दी है. इसमें काफी अधिक खर्च आ रहा था. पिता रामकिशुन ने कुछ दिन पहले नेमरा में मुख्यमंत्री से मिलकर आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी.
मुख्यमंत्री के संज्ञान लेते ही रामगढ़ जिला प्रशासन ने तेजी से कागजी प्रक्रिया पूरी कराई. आवेदन के 48 घंटे के भीतर ही नेमरा में अनूप के पिता को 10 लाख रुपये का चेक सौंप दिया गया. आर्थिक मदद मिलने पर रामकिशुन बेसरा ने आभार जताते हुए कहा कि अब उनके बेटे का समुचित इलाज संभव हो सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.