Search

CM हेमंत ने कहा- होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को उपलब्ध कराएं मेडिकल किट

  • सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पल्स ऑक्सीमीटर की व्यवस्था रखने का निर्देश
  • कोरोना संक्रमण को लेकर सीएम ने अफसरों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों को मेडिकल किट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. मेडिकल किट में सभी आवश्यक दवाइयां, ऑक्सीमीटर एवं मास्क इत्यादि सभी उपयोगी सामान उपलब्ध कराने का निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पल्स ऑक्सीमीटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने स्वास्थ्य सचिव को निर्देश दिया कि आवश्यकतानुसार अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए राज्य के वैसे प्रशिक्षित युवक- युवतियों जिन्होंने पैरा मेडिकल कोर्स किया हो उन्हें संविदा के आधार पर नियुक्त करें. कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सीएम ने पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया.

ऑक्सीजन युक्त बेड बढ़ाने को लेकर कार्य योजना बनाएं

सीएम ने कहा कि जिलों में स्थापित डेडीकेटेड हॉस्पिटल, कोविड केयर सेंटर इत्यादि में मेडिकल स्टाफ की कमी को दूर करने हेतु कार्य योजना बनाकर मानव बल की नियुक्ति करें. अस्पतालों में ऑक्सीजन युक्त बेड बढ़ाने की दिशा में हर संभव प्रयासरत रहें. अस्पतालों में आईसीयू बिस्तर इत्यादि की व्यवस्था दुरुस्त रखें. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज हेतु अस्पताल प्रबंधन बेहतर कार्य योजना बनाकर कार्य करे. अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र तथा एयर सिपरेशन यूनिट की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं. रेडमेसिविर की उपलब्धता का भी लगातार प्रयास करते रहें.

ज्यादा संक्रमित इलाकों में बरतें विशेष सतर्कता

सीएम ने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या प्रतिदिन बढ़ रही है. बढ़ते हुए मरीजों पर पूरी नजर रखी जाए और जिन क्षेत्रों में कोरोना के अधिक मामले आ रहे हैं वहां विशेष सतर्कता बरती जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रमित मरीजों को समस्या उत्पन्न न हो इस निमित्त पूरी तैयारी रखें. बैठक में स्वास्थ्य सचिव ने मुख्यमंत्री को राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की अद्यतन स्थिति एवं इलाज की व्यवस्था से संबंधित तैयारियों से अवगत कराया.

बैठक में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, स्वास्थ्य सचिव केके सोन, आपदा प्रबंधन सचिव अमिताभ कौशल, नगर विकास सचिव विनय चौबे, एनआरएचएम के अभियान निदेशक रविशंकर शुक्ल मौजूद थे.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//