Search

सीएम हेमंत सोरेन ने की अपील, स्वयं लें वैक्सीन और दूसरों को भी करें प्रेरित, तभी राज्य होगा सुरक्षित

Ranchi :  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बार फिर सभी लोगों से वैक्सीन लेने की अपील की है. उन्होंने लोगों से कहा है कि अपने साथ- साथ वे अपने परिवार के सदस्य को भी वैक्सीन लेने के लिए प्रेरित करें. ऐसा करके ही हम अपने परिवार, समाज, राज्य व देश को सुरक्षित कर पाएंगे. मुख्यमंत्री शुक्रवार को रांची के श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान स्थित टीका केंद्र में 18 साल से ज्यादा आय़ु वर्ग के लोगों के लिए निःशुल्क टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ करने के अवसर पर बोल रहे थे.

कोरोना का टीका सुरक्षा कवच की तरह है

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में कोविड-19 का टीका हमारे लिए एक सुरक्षा कवच की तरह है. पहले 45 साल के ऊपर के लोगों को वैक्सीन लग रही थी. अब युवाओं के लिए टीकाकऱण कार्यक्रम आरंभ हो चुका है. राज्य के सभी युवाओं का निःशुल्क टीकाकऱण सुनिश्चित करना सरकार की विशेष प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि टीकाकरण के माध्यम से लोग राज्य और देश को सुरक्षित रखने के लिए आगे आएंगे.

शुभारंभ कार्यक्रम में कई अधिकारी उपस्थित थे

इस मौके पर विकास आय़ुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का और नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे के अलावा रांची डीसी, एसएसपी, डीडीसी, एसडीओ सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

सभी के सहयोग से कोरोना के खिलाफ जीतेंगे जंग

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना का संक्रमण लगातार अपना रूप बदल रहा है. लगातार लोगों को यह अपनी चपेट में ले रहा है, लेकिन इससे हतोत्साहित होने की जरूरत नहीं है. इस महामारी से लंबी लड़ाई लड़नी है, इसलिए हौसला बनाए रखना है. सभी के सहयोग और सहभागिता से हम निश्चित तौर पर कोरोना से जंग जीतने में कामयाब होंगे. उन्होंने राज्यवासियों से आग्रह किया कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह में अपना सहयोग दें, जिससे कोरोना की चेन को तोड़ा जा सके.

कमियों को लगातार कर रहे दूर, बढ़ा रहे स्वास्थ्य संसाधन

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री  हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में सरकार कोरोना के खिलाफ पूरी ताकत के साथ जंग लड़ रही है. इस सिलसिले में जो भी चुनौतियां सामने आ रही हैं. उससे निपटने के लिए न सिर्फ कमियों को दूर किया जा रहा है, बल्कि संसाधनों को भी बढ़ाया जा रहा है. इस वैक्सीनेशन कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के हर युवा का टीकाकऱण करने का सरकार ने लक्ष्य रखा है. उन्होंने भी लोगों से अपील की कि वे टीका जरूर लगवाएं.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//