Search

 
 
 

सीएम नीतीश की सुरक्षा अब और हाईटेक, काफिले में जल्द शामिल होंगी बुलेटप्रूफ रेंज रोवर

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था अब और भी हाईटेक होने जा रही है. बदलते सुरक्षा मानकों और वीवीआईपी प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार मुख्यमंत्री के काफिले को अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ वाहनों से लैस करने की तैयारी में है.
 

Lagatar Desk :  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था अब और भी हाईटेक होने जा रही है. बदलते सुरक्षा मानकों और वीवीआईपी प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार मुख्यमंत्री के काफिले को अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ वाहनों से लैस करने की तैयारी में है. 

 

राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी नेताओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से चार बुलेटप्रूफ रेंज रोवर एसयूवी खरीदने का निर्णय लिया है. इन गाड़ियों की अनुमानित लागत 11 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.

 

इनमें से एक वाहन मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल किया जाएगा. जबकि शेष गाड़ियां उपमुख्यमंत्रियों और अन्य अहम वीआईपी सुरक्षा जरूरतों के लिए इस्तेमाल की जा सकती हैं.

 

अभी हुंडई आयनिक की सवारी करते हैं सीएम

फिलहाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले में कई तरह की गाड़ियां शामिल हैं. पटना में दैनिक आवागमन के लिए वे करीब 50 लाख रुपये की कीमत वाली हुंडई आयनिक 5 इलेक्ट्रिक कार का इस्तेमाल करते हैं, जिसे पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तौर पर काफिले में जोड़ा गया था. वहीं राज्य से बाहर या लंबी यात्राओं के दौरान वे बुलेटप्रूफ टाटा सफारी में सफर करते हैं.

 

एंबेसडर से रेंज रोवर तक का सफर

नीतीश कुमार अपने शुरुआती कार्यकाल में लंबे समय तक एंबेसडर कार का उपयोग करते रहे. हालांकि समय के साथ मेंटेनेंस की दिक्कतों और लंबी दूरी की यात्राओं को देखते हुए टाटा सफारी को काफिले में शामिल किया गया. अब मौजूदा दौर की सुरक्षा चुनौतियों और आधुनिक तकनीक को ध्यान में रखते हुए रेंज रोवर जैसे हाई-सिक्योरिटी वाहन को काफिले में शामिल करने की तैयारी है.

 

रेंज रोवर की खासियत

बुलेटप्रूफ रेंज रोवर को दुनिया की सबसे सुरक्षित वीवीआईपी गाड़ियों में गिना जाता है. इसमें मल्टी-लेयर आर्मर, बुलेटप्रूफ ग्लास और धमाके से बचाव की उन्नत तकनीक होती है. साथ ही इसमें सैटेलाइट फोन सपोर्ट, एडवांस कम्युनिकेशन सिस्टम, नाइट विजन कैमरा और 360 डिग्री सर्विलांस जैसी सुविधाएं भी मौजूद रहती हैं.

 

सुरक्षा के साथ लग्जरी का भी पूरा ध्यान

रेंज रोवर सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आराम और लग्जरी के लिए भी जानी जाती है. इसमें प्रीमियम सीटिंग, मल्टी-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, साउंडप्रूफ केबिन और एडवांस सस्पेंशन सिस्टम दिया जाता है, जिससे लंबी यात्राएं भी बेहद आरामदायक हो जाती हैं.

 

बिहार में बढ़ रहा रेंज रोवर का क्रेज

बिहार में नेताओं के बीच रेंज रोवर तेजी से लोकप्रिय हो रही है. एमएलसी सच्चिदानंद राय और जदयू विधायक अमरेंद्र पांडे पहले से ही इस लग्जरी एसयूवी का इस्तेमाल कर रहे हैं. सुरक्षा, सुविधा और स्टेटस के चलते वीआईपी वर्ग में इसकी डिमांड बढ़ती जा रही है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही