Ranchi News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी का रातू के दलादिली स्थित फार्म हाउस उस समय चर्चा में आ गया, जब परिसर में अचानक कोबरा सांप दिखाई दिया. सांप नजर आते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम फार्म हाउस पहुंची और सांप की मौजूदगी वाले स्थान का निरीक्षण किया. काफी सावधानी और मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया. रेस्क्यू एक्सपर्ट के मुताबिक सांप की उम्र करीब 18 वर्ष थी. रेस्क्यू के दौरान उसे मामूली चोट लगी, जिसके बाद प्राथमिक देखभाल की गई.
इसके बाद कोबरा को आबादी से दूर सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया. घटना के समय धौनी के परिवार का कोई सदस्य फार्म हाउस परिसर में मौजूद नहीं था. सांप मिलने की जानकारी फैलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन समय रहते रेस्क्यू होने से किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई.
स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक ने लोगों से अपील की कि घर या रिहायशी इलाके मं सांप दिखाई देने पर उसे मारने की कोशिश नहीं करें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.