Kanhaiya Bhelari
जब पहले दिन भरत तिवारी के घर पुलिस गई थी, तब वो पुलिस के ऊपर पिस्टल ताने हुए था और पुलिस समझा बुझाकर वापस आ गई. किसी के पास अगर अवैध आर्म्स हो तो पुलिस सीधे छापेमारी कर गिरफ्तार करती है, आर्म्स जब्त करती है. थाना प्रभारी वहां बैठ के पंचायती क्यों कर रहा था? जब तिवारी ने पिस्टल तान दिया उसी समय कार्रवाई क्यों नहीं किया?
अगर पुलिस बल कम था तो वरीय पदाधिकारी से बात कर और बल क्यों नहीं मंगवाया? इसका मतलब ये है कि परिवार वालों ने बताया होगा की भरत मानसिक विक्षिप्त है और SHO भी सहमत होगा, तभी तो बैठकर समझौता कर रहा था? और बाद में स्टेटमेंट भी दिया कि भरत मानसिक विक्षिप्त है. अब प्रश्न यह है कि मानसिक विक्षिप्त के पास पिस्टल कहां से आई? क्या पुलिस ने पता किया? पुलिस ने पिस्टल उसके पास क्यों छोड़ा? उसके मां बाप व परिजनों के माध्यम से समझाकर पिस्टल क्यों नहीं लिया?
अगर उस समय नहीं दे रहा था तो पुनः रात्रि में छापेमारी क्यों नहीं हुई और उसके सोने के समय उसके परिजन से बात कर पिस्टल क्यों नहीं मंगवा ली गई और उसे हॉस्पिटल भिजवा दिया जाता? कोइलवर हॉस्पिटल भी पास में ही है.क्या एक विक्षिप्त के पास पिस्टल छोड़ देना पुलिस की लापरवाही नहीं है? फिर अगले दिन कौन सी आफत आ गई उतना दल बल लेकर जाने और जब पिस्टल फेंक दिया तब गोली मारने की?
जिस दिन भरत पुलिस पर पिस्टल ताने था, उसी समय एनकाउंटर क्यों नहीं हुआ और पुलिस खाली हाथ लौटी तो अवैध आर्म्स रखने का FIR क्यों नहीं हुआ? SHO ने सारी बात SDPO जगदीशपुर को बतायी और सोशल मीडिया पर भी न्यूज चल रहा था तो उस दिन और रात लगभग 36 घंटे तक SDPO क्या करते रहे? क्या निर्देश दिये, घटना स्थल पर क्यों नहीं गए? आर्म्स बरामदगी और भरत की गिरफ्तारी की दिशा में क्या कार्रवाई किये?
अगले दिन भारी पुलिस बल और STF के साथ जाकर सरेंडर के बाद भी गोली मारना एनकाउंटर नहीं हत्या है, जिसे वीडियो में देखा जा सकता है. नेतृत्व SDPO जगदीशपुर राजेश शर्मा कर रहे थे. इससे यह प्रश्न उठता है कि भरत तिवारी जिन SDM और ADM के ऊपर आरोप लगा रहा था उनसे मिलकर SDPO ने हत्या तो नहीं कराई है?
अभी तक SDM और SDPO के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई है. वे लोग वहां रहेंगे तो निष्पक्ष जांच कैसे होगी? क्या अपने प्रभाव से जांच को प्रभावित नहीं करेंगे?
डिस्क्लेमरः लेखक बिहार के वरिष्ठ पत्रकार हैं और यह टिप्पणी उनके सोशल मीडिया एकाउंट से लिया गया है.
Leave a Comment