Search

 
 
 

चुनावी प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए आयोग की पहल, 19 मार्च को रांची में बैठक

 
Ranchi : चुनाव आयोग ने कानूनी ढांचे के भीतर चुनावी प्रक्रियाओं को और मजबूत करने के लिए सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं को संवाद के लिए आमंत्रित किया है. इसी क्रम में रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने 19 मार्च 2025 (बुधवार) को अपराह्न 4:00 बजे रांची समाहरणालय के ब्लॉक `ए` के कक्ष संख्या 207 में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक बुलाने की घोषणा की है.

चुनाव आयोग ने मांगे सुझाव

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने सभी राष्ट्रीय और राज्य स्तर के राजनीतिक दलों से 30 अप्रैल 2025 तक ERO, DEO या CEO स्तर पर अनसुलझे मुद्दों पर अपने सुझाव देने को कहा है. आयोग ने राजनीतिक दलों को पत्र लिखकर चुनावी प्रक्रियाओं को और पारदर्शी बनाने के लिए पार्टी अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की योजना बनाई है.

सीईसी ने राज्यों को दिए निर्देश

गत सप्ताह हुए ECI सम्मेलन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO), जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (ERO) को निर्देश दिया था कि वे राजनीतिक दलों से नियमित संवाद करें और उनके सुझावों को कानूनी प्रक्रिया के दायरे में सख्ती से लागू करें. आयोग ने 31 मार्च 2025 तक सभी राज्यों से कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है.

राजनीतिक दल अहम हितधारक

चुनाव आयोग ने अपने पत्र में कहा कि राजनीतिक दल स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने वाले जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 और 1951, मतदाता पंजीकरण नियम 1960, चुनाव संचालन नियम 1961 और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रमुख हितधारक हैं. आयोग ने राजनीतिक दलों को इन नियमों के तहत चुनाव सुधारों में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया है.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही