Search

 
 
 

झरिया में ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान बवाल, पुलिस टीम पर पथराव, सुतली बमों से हमला, फ्लैग मार्च

धनबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान रविवार देर शाम झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के पास उस समय हड़कंप मच गया जब शराबियों के एक समूह ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई. उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया.
 

Dhanbad : धनबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान रविवार देर शाम झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के पास उस समय हड़कंप मच गया जब शराबियों के एक समूह ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई. उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया.

Uploaded Image

जानकारी के अनुसार झरिया थाना की गश्ती टीम ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के तहत क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस की नजर कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के पास शराब पी रहे और अड्डेबाजी कर रहे लोगों के जमावड़े पर पड़ी. पुलिसकर्मियों ने लोगों को वहां से हटने और भीड़ नहीं लगाने की हिदायत दी. इस कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ असामाजिक तत्व अचानक उग्र हो गए और पुलिस के गश्ती वाहन को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया. इसी दौरान उपद्रवियों ने दो सुतली बम भी फेंके जिससे तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी. धमाकों और पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई तथा आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई. कई लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया.

 

घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना के साथ आसपास के थानों की पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तत्काल पूरे इलाके की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रण में लिया. इसके बाद कतरास मोड़ से सिंह नगर तक फ्लैग मार्च निकाला गया ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

 

देर रात तक पूरे इलाके में सघन गश्त जारी रही.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पथराव व बमबाजी में शामिल उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है. मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

 

घटना के बाद कतरास मोड़ और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही