Search

 
 
 

Lagatar Special: झारखंड में आउटसोर्सिंग से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियमित नियुक्ति में मिलेगी छूट

सरकार के विभिन्न विभागों में दैनिक, एक मुश्त या वाह्य स्रोत से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियमित नियुक्ति में छूट मिलेगी. ऐसे कर्मचारियों को 50 साल की उम्र तक नियुक्त किया जायेगा. साथ ही राज्य कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा में काम के अनुभव के आधार पर महत्व (Weightage) मिलेगा.
 

Ranchi: सरकार के विभिन्न विभागों में दैनिक, एक मुश्त या वाह्य स्रोत से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियमित नियुक्ति में छूट मिलेगी. ऐसे कर्मचारियों को 50 साल की उम्र तक नियुक्त किया जायेगा. साथ ही राज्य कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा में काम के अनुभव के आधार पर महत्व (Weightage) मिलेगा. 


सरकार ने निम्न वर्गीय लिपिक संवर्ग की नियुक्ति के नये नियम में इसका प्रावधान किया है. पहले से कार्यरत ऑपरेटरों के अलावा अन्य आवेदकों के लिए सरकार द्वारा निर्धारित उम्र सीमा लागू होगी. उन्हें अलग से कोई छूट नहीं मिलेगा.

 

सरकार ने राज्य में लागू निम्न वर्गीय लिपिक संवर्ग में नियुक्ति के लिए बनी नियमावली 2010 को रद्द कर दिया है. साथ ही नियुक्ति के लिए नई नियमावली लागू की है. इसे नियुक्ति नियमावली 2026 के नाम से जाना जायेगा. सरकारी कामकाज के दौरान कंप्यूटर के बढ़ते इस्तेमाल और उपयोगिता को देखते हुए नियुक्ति के लिए कंप्यूटर ज्ञान को आवश्यक करार दिया गया है. 


सरकार ने नयी नियुक्ति नियमावली में पहले से दैनिक, एक मुश्त, संविदा और वाह्य स्रोत से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को JSSC द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिता परीक्षा में एक बार छूट देने का प्रावधान किया है. पहले से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को यह छूट सिर्फ एक बार मिलेगी. इसके तहत उन्हें अधिकतम 50 साल तक की उम्र में नियमित कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्त किया जायेगा. 


साथ ही उन्हें नियुक्ति के लिए आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिता परीक्षा में काम के अनुभव के आधार पर महत्व (Weightage) मिलेगा. तीन साल तक काम करने वाले ऑपरेटरों को कोई महत्व नहीं मिलेगा. लेकिन तीन साल से अधिक समय तक काम करने वालों को अधिकतम 15% तक  Weightage मिलेगा.


आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली नियुक्ति की परीक्षा में शामिल होने के बाद आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 10+2 निर्धारित है. कंप्यूटर पर आवेदक की टाइपिंग स्पीड 20 शब्द प्रति मिनट होना चाहिए. टाइपिंग में पांच प्रतिशत से अधिक की गलती नहीं होनी चाहिए. 
कंप्यूटर ऑपरेटर संवर्ग के कुल पदों के 55 प्रतिशत पर सीधी नियुक्ति होगी. 35 प्रतिशत पद प्रोन्नति से और 10 प्रतिशत पद सीमित परीक्षा से भरा जायेगा. 


नियुक्ति के बाद दो साल का प्रोबेशन पीरियड होगा. कार्मिक प्रशासनिक विभाग द्वारा आयोजित हिंदी (टिप्पण एवं प्रारूपण) परीक्षा पास करने के बाद ही सेवा नियमित (संपुष्ट) होगी. इस परीक्षा के पास करने के बाद ही पहला वेतन वृद्धि भी मिलेगा. जनजातीय भाषा की परीक्षा पास होने पर दूसरा वेतन वृद्धि मिलेगा. परीक्षा पास नहीं करने पर दूसरे वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिलेगा. यह लाभ परीक्षा पास करने की तिथि से मिलेगा. 


कार्यरत ऑपरेटरों को प्रतियोगिता परीक्षा में Weightage का ब्योरा

कार्य अवधि वेटेज
37 माह 0.15%
40 माह 0.60%
60 माह 3.60%
120 माह 12.60%
136 माह 15%

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

     
    
    

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही